Saurabh Pandey | November 20, 2026 | 07:15 PM IST | 1 min read
यूपी बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 20 से 30 नवंबर 2026 तक का समय दिया है। संबंधित प्रधानाचार्य आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगइन कर निर्धारित तिथि तक छात्र-छात्राओं के विवरण को संशोधित कर सकते हैं।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण में हुई त्रुटियों को सुधारने की समय सीमा घोषित कर दी गई है। बोर्ड के संज्ञान में यह बात आई है कि विद्यालय स्तर से छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण गलत अपलोड कर दिए गए हैं, जिसके निराकरण के लिए ऑनलाइन संशोधन विंडो खोली गई है।
बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, छात्रहित को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण विवरण में सुधार के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in को 20 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सक्रिय रखा जाएगा।
इस निर्धारित अवधि के दौरान विद्यार्थियों के विषय या वर्ग, छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जेंडर, माध्यम (हिंदी/अंग्रेजी), जाति, जन्मतिथि और फोटो में संशोधन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, कक्षा 11वीं के पंजीकरण में हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक को सुधारने तथा नियमानुसार छात्र-छात्राओं के विवरण को डिलीट या रिस्टोर करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
Also read 5th Kaushal Deekshant Samaroh: पीएम मोदी कल आईटीआई के 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों की इन त्रुटियों को संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा वेबसाइट पर लॉगिन कर समय रहते संशोधित या अपडेट कराया जाना अनिवार्य है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि 30 नवंबर की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन के लिए कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।