Santosh Kumar | April 11, 2026 | 03:52 PM IST | 1 min read
एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 14 पात्रता मानदंड, नियम और शर्तें, तथा आवेदन का प्रारूप जल्द ही विस्तृत विज्ञापन के माध्यम से जारी किए जाएंगे।

नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 14 परीक्षा 2026 के लिए एक संक्षिप्त अधिसूचना जारी की है। एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 14 भर्ती परीक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक स्तर पर विभिन्न पदों के लिए अवसर प्रदान करती है। संक्षिप्त अधिसूचना में मुख्य तिथियों और प्रक्रिया संबंधी विवरणों की रूपरेखा दी गई है, जबकि विस्तृत अधिसूचना जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
आयोग, भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में अलग-अलग श्रेणियों के पदों पर उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अपने 9 क्षेत्रीय कार्यालयों की देखरेख में एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 14 परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।
भर्ती परीक्षा 'कंप्यूटर आधारित परीक्षा' मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा संभावित रूप से मई–जुलाई में निर्धारित है। पात्रता मानदंड, नियम और शर्तें, तथा आवेदन का प्रारूप जल्द ही विस्तृत विज्ञापन के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन से संबंधित कोई भी शुद्धिपत्र, संशोधन या स्पष्टीकरण केवल वेबसाइट पर ही प्रकाशित किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट के माध्यम से एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 14 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि संभवतः अप्रैल 2026 के अंत तक होगी। आवेदन शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन ही करना होगा। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा (जहां लागू हो) और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा।
एसएससी सेलेक्शन पोस्ट फेज 14 परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न 2 अंक का होगा और गलत उत्तर के लिए 0.50 अंक की नकारात्मक अंकन प्रणाली लागू होगी। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
आयोग द्वारा एसएससी सीएचएसएल 10 अप्रैल को आयोजित शिफ्ट-2 का टाइपिंग टेस्ट तकनीकी गड़बड़ियों के कारण रद्द कर दिया गया है। बोर्ड ने प्रभावित उम्मीदवारों के हित में परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
Santosh Kumar