Press Trust of India | September 22, 2026 | 08:45 AM IST | 2 mins read
सीआईसी के समक्ष प्रस्तुत अपनी लिखित रिपोर्ट में एसएससी ने कहा, "चूंकि अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों को बदलने में परीक्षा नियंत्रण अनुभाग-दो की कोई भूमिका नहीं है, इसलिए इस संबंध में कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।"

नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के पास वर्ष 2025 में विभिन्न पदों के लिए आयोजित 13वें चरण के दौरान परीक्षा केंद्र बदलने, परीक्षा रद्द होने या तकनीकी गड़बड़ियों से प्रभावित अभ्यर्थियों की संख्या से जुड़ा कोई विशिष्ट डेटा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, परीक्षा में आई बाधाओं के बाद 76,153 अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा आयोजित की गई थी। केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) को दिए गए अपने जवाब में एसएससी ने यह जानकारी दी है।
भर्ती परीक्षा में कथित कुप्रबंधन को लेकर अभ्यर्थियों और शिक्षकों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही और सुधार की मांग को लेकर 'दिल्ली चलो' के आह्वान के तहत जंतर-मंतर पर एकत्र हुए थे।
यह परीक्षा 24 जुलाई 2025 को शुरू हुई और 1 अगस्त को समाप्त होनी थी। लेकिन अचानक परीक्षा रद्द होने, सर्वर ठप होने, कंप्यूटर प्रणालियों के काम न करने और दूर-दराज के परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने की शिकायतों से प्रभावित रही।
कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें उनके घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र दिए गए थे। आरटीआई आवेदन के माध्यम से अपीलकर्ता ने उन अभ्यर्थियों की संख्या की जानकारी मांगी जिनके सेंटर अंतिम समय में बदले गए।
सीआईसी के समक्ष प्रस्तुत अपनी लिखित रिपोर्ट में एसएससी ने कहा, "चूंकि अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों को बदलने में परीक्षा नियंत्रण अनुभाग-दो की कोई भूमिका नहीं है, इसलिए इस संबंध में कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।"
एसएससी ने कहा, "कोई डेटा उपलब्ध नहीं है, क्योंकि ऐसी गतिविधियों में परीक्षा नियंत्रण अनुभाग-दो (ईसी-दो) की सीमित भूमिका होती है।" आयोग ने बताया कि यह अनुभाग केवल परीक्षा के संचालन के दौरान उसकी निगरानी करता है।
एसएससी ने खुलासा किया कि परीक्षा मूल रूप से 24 जुलाई से एक अगस्त 2025 तक निर्धारित की गई थी, जिस दौरान कई प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षाएं भी आयोजित की गई थीं।
आयोग ने कहा, "हालांकि, 76,153 प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 2 और 29 अगस्त 2025 को पुनः परीक्षा आयोजित की गई थी।" इसके साथ ही आयोग ने कहा कि "ऐसे अभ्यर्थियों से संबंधित विशिष्ट डेटा ईसी अनुभाग में उपलब्ध नहीं है।"
आरटीआई आवेदन में एसएससी या उसकी सहयोगी एजेंसियों को परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों की जानकारी भी मांगी गई थी। इनमें शारीरिक उत्पीड़न या हिंसा की घटनाएं, चिकित्सीय आपात स्थिति और एक परीक्षार्थी के बेहोश होने तथा मुंह से खून बहने का दर्ज मामला शामिल है।"
इस पर एसएससी ने कहा, "इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।" इसके अलावा, आवेदक ने 31 जुलाई 2025 को जंतर-मंतर और सीजीओ कॉम्प्लेक्स के पास छात्रों और शिक्षकों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर एसएससी और दिल्ली पुलिस या अन्य अधिकारियों के बीच हुए पत्राचार और प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए जारी निर्देशों की जानकारी मांगी थी।
एसएससी ने जवाब दिया, "जहां तक परीक्षा अनुभाग का सवाल है, आयोग और दिल्ली पुलिस के बीच ऐसा कोई पत्राचार नहीं हुआ था।" भाषा सुमित अविनाश अविनाश