Abhay Pratap Singh | September 21, 2026 | 06:54 PM IST | 2 mins read
आरआरबी एएलपी सिटी इंटिमेशन स्लिप 2026 सभी आरआरबी वेबसाइटों पर परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले लाइव कर दिया जाएगा।

नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने आज सीईएन 01/2026 के तहत सहायक लोको पायलट (ALP) पदों पर भर्ती के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) का शेड्यूल जारी कर दिया है। नवीनतम नोटिस के अनुसार, आरआरबी एएलपी 2026 सीबीटी-1 परीक्षा 3 नवंबर 2026 से आयोजित की जाएगी।
आरआरबी एएलपी एडमिट कार्ड 2026 डाउनलोड लिंक परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे कैंडिडेट आवश्यक क्रेडेंशियल की मदद से डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं, परीक्षा शहर और एससी/ एसटी के लिए यात्रा प्राधिकारण डाउनलोड लिंक सभी आरआरबी वेबसाइटों पर परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले लाइव कर दिया जाएगा।
परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण परीक्षा केंद्र पर किया जाएगा। नीचे सारणी में आरआरबी एएलपी सीबीटी 1 2026 परीक्षा कार्यक्रम जांच सकते हैं:
| क्रम संख्या | सीईएन | पद | परीक्षा तिथियां |
|---|---|---|---|
1. | सीईएन 01/2026 | सहायक लोको पायलट | 03.11.2026 से 05.11.2026 |
नोटिस में कहा गया कि, “अभ्यर्थियों को अपना मूल आधारकार्ड या ई सत्यापित आधार का प्रिंट लाना होगा। जिन उम्मीदवारों ने आधार सत्यापन नहीं किया है, वे www.rrbapply.gov.in पर क्रेडेंशियल के साथ लॉगिन करके आधार सत्यापन के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित करें, जिससे परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।”
सभी अभ्यर्थी सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा केंद्र पर आने से पहले उनका आधार UIDAI प्रणाली में अनलॉक स्थिति में रहे, ताकि परीक्षा के दिन असुविधा से बचा जा सके तथा पंजीकरण और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा हो। आधार कार्ड में सही नाम, जन्म तिथि, नवीनतम फोटो, पता और पिता का नाम दर्ज होना चाहिए।
उम्मीदवारों को नवीनतम अपडेट के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर विजिट करने सलाह दी गई है। आरआरबी ने अवैध तरीके से नौकरी दिलाने के झूठे वादे करके अभ्यर्थियों को गुमराह करने की कोशिश करने वाले दलालों से सावधान रहने की अपील की है। साथ ही बताया कि, आरआरबी में चयन प्रक्रिया सीबीटी पर आधारित होती है।