Santosh Kumar | July 6, 2026 | 03:26 PM IST | 2 mins read
जिन उम्मीदवारों के पहचान पत्र की तस्वीर 3 साल या उससे अधिक पुरानी है, उन्हें प्रवेश के समय होनी वाली समस्या से बचने के लिए इसे अपडेट करवाना होगा।

नई दिल्ली: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) ने महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2026 की तारीख की घोषणा कर दी है। राजस्थान महिला सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा का शेड्यूल और जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। कुल 72 पदों के लिए राजस्थान सुपरवाइजर (महिला) सीधी भर्ती परीक्षा 24 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिन उम्मीदवारों के पहचान पत्र की तस्वीर 3 साल या उससे अधिक पुरानी है, उन्हें प्रवेश के समय होनी वाली समस्या से बचने के लिए इसे अपडेट करवाना होगा। प्रवेश के दौरान, पहचान पत्र पर लगी तस्वीर का उम्मीदवार से मिलान किया जाएगा।
यदि तस्वीर मेल नहीं खाती है, तो उन्हें केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा में हर सवाल के लिए 5 विकल्प होंगे। पहले 4 विकल्प जवाब के तौर पर होंगे, जबकि विकल्प ई यह बताएगा कि उम्मीदवार प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है।
उम्मीदवारों को हर सवाल के लिए आंसर शीट पर काले या नीले बॉलपॉइंट पेन से कोई एक विकल्प चुनना होगा। अगर किसी सवाल के लिए कोई विकल्प नहीं चुना जाता है, तो उस सवाल के लिए एक-तिहाई अंक काट लिया जाएगा।
अगर 10 प्रतिशत से अधिक सवालों के लिए कोई विकल्प नहीं चुना जाता है, तो उम्मीदवार को परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित किया जा सकता है। परीक्षा खत्म होने से पहले उम्मीदवारों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से पहले बोर्ड की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। एडमिट कार्ड उम्मीदवारों को डाक या किसी अन्य माध्यम से अलग से नहीं भेजे जाएंगे; उम्मीदवारों को समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
यदि अभ्यर्थी परीक्षा में नकल करते पकड़ा जाता है, तो कानूनी कार्रवाई होगी। दोषी पाए जाने पर ₹10 लाख से ₹10 करोड़ तक जुर्माना, 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा और भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंध लगाया जा सकता है।