Saurabh Pandey | November 28, 2026 | 05:50 PM IST | 2 mins read
एनएचपीसी में ट्रेनी इंजीनियर पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

नई दिल्ली : एनएचपीसी लिमिटेड ने सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखाओं में ट्रेनी इंजीनियर के कुल 205 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन रिक्तियों के लिए इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 26 दिसंबर 2026 तक अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। पात्र उम्मीदवारों का चयन GATE-2025 या GATE-2026 के स्कोर, ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू (PI) के आधार पर किया जाएगा।
इस भर्ती अभियान के तहत सिविल के 64, इलेक्ट्रिकल के 93 (एनएचपीसी के 81 और एनएचडीसी के 12) और मैकेनिकल के 48 (एनएचपीसी के 43 और एनएचडीसी के 5) पदों सहित कुल 205 रिक्तियां घोषित की गई हैं। अभ्यर्थियों को टीई (इलेक्ट्रिकल) और टीई (मैकेनिकल) पदों के लिए एनएचपीसी और एनएचडीसी के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।
इन रिक्तियों के लिए आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में कम से कम 60% अंकों के साथ फुल-टाइम रेगुलर बैचलर डिग्री (बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग) होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है, हालांकि सरकारी नियमों के तहत आरक्षित वर्गों को आयु में नियमानुसार छूट मिलेगी।
इन रिक्तियों के लिए अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी (NCL) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये + जीएसटी (कुल 708) है, जबकि एससी, एसटी, PwBD, महिला और पूर्व सैनिकों के लिए कोई शुल्क नहीं है।
एनएचपीसी ट्रेनी इंजीनियर पदों पर चयनित उम्मीदवारों को एक वर्ष की ट्रेनिंग के दौरान E2 ग्रेड में 50,000 -1,60,000 रुपये के वेतनमान पर रखा जाएगा, जिसके बाद प्रोबेशन के साथ इंजीनियर के पद पर समायोजित किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, नए जॉइनी के लिए कुल एनुअल सीटीसी लगभग 16 से 17 लाख रुपये तक होगी, साथ ही 4 वर्ष की सेवा के लिए सर्विस एग्रीमेंट व बॉन्ड की शर्त भी लागू रहेगी।