Abhay Pratap Singh | January 30, 2026 | 01:16 PM IST | 2 mins read
आरआरबी एएलपी परीक्षा 2025 के लिए परीक्षा शहर व तिथि तथा एससी/ एसटी उम्मीदवारों के लिए यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड लिंक अभ्यर्थी की परीक्षा कि अंतिम तिथि से 10 दिन पहले उपलब्ध करा दिया जाएगा।

नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने विज्ञापन संख्या सीईएन 01/2025 के अंतर्गत असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती 2025 परीक्षा की तिथियों में संशोधन किया है। नवीनतम अपडेट के अनुसार, आरआरबी एएलपी 2025 परीक्षा 13 फरवरी से 18 फरवरी तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी।
आरआरबी ने कहा कि असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती 2025 के लिए परीक्षा शहर व तिथि तथा एससी/ एसटी उम्मीदवारों के लिए यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड करने का लिंक अभ्यर्थी की परीक्षा कि अंतिम तिथि से 10 दिन पहले उपलब्ध करा दिया जाएगा। वहीं, आरआरबी एएलपी 2026 एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले जारी किया जाएगा।
इससे पहले, आरआरबी एएलपी 2025 सीबीटी परीक्षा 16 से 18 फरवरी, 2026 तक निर्धारित थी। आरआरबी एएलपी चयन प्रक्रिया में सीबीटी, कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षण (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट चरण शामिल है। आरआरबी एएलपी भर्ती 2025 अभियान के माध्यम से कुल 9,970 रिक्ति पदों को भरा जाएगा।
नोटिस में कहा गया कि, एएलपी परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले UIDAI सिस्टम में अपना आधार खाता अनलॉक करवा लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही, पंजीकरण एवं परीक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
आरआरबी ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए अवैध रूप से नौकरी के लिए चयनित करने के झूठे वादों के साथ गुमराह करने वाले दलालों से सावधान रहने को कहा है। आरआरबी परीक्षा में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत (सीबीटी) है और चयन अभ्यर्थियों की योग्यता पर आधारित है।
सहायक लोको पायलट परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र एक अनिवार्य दस्तावेज है। आरआरबी एएलपी 2025 भर्ती के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की जांच नीचे सारणी में कर सकते हैं:
| क्रम संख्या | विज्ञापन संख्या | पद | सीबीटी परीक्षा तिथियां |
|---|---|---|---|
| 1 | सीईएन 01/2025 | सहायक लोको पायलट (एएलपी) | 13, 16, 17 एवं 18 फरवरी, 2026 |