Abhay Pratap Singh | January 28, 2026 | 11:05 AM IST | 2 mins read
आरआरबी एनटीपीसी सीबीएटी 2025 एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले यानी 8 फरवरी, 2026 को जारी कर दिया जाएगा।

नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने विज्ञापन संख्या CEN No. 05/2024 के अंतर्गत आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के लिए 28 दिसंबर, 2025 को आयोजित परीक्षा को पुनर्निधारित किया है। नवीनतम अपडेट के अनुसार, इस तिथि में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल परीक्षा अब 11 फरवरी, 2026 को कराई जाएगी।
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के लिए कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) और कंप्यूटर बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट (CBTST) का एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 4 दिन पहले और सिटी स्लिप 10 दिन पहले उपलब्ध करा दिया जाएगा। कैंडिडेट लॉगिन क्रेडेंशियल की सहायता से अपना परीक्षा शहर और हाल टिकट जांच सकेंगे।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, “30.12.2025 की नोटिस के अनुसार रीशेड्यूल किया गया सीबीटीएसटी 11.02.2026 को होगा। परीक्षा शहर व तिथि और एससी/ एसटी उम्मीदवारों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा की तिथि से 10 दिन पहले सभी आरआरबी की ऑफिशियल वेबसाइट पर लाइव कर दिया जाएगा।”
सीबीटीएसटी में उम्मीदवारों को कम से कम 300 शब्द अंग्रेजी में या 250 शब्द हिंदी में टाइप करने होंगे। उम्मीदवारों को अंग्रेजी या हिंदी में से किसी एक भाषा में टाइप करना होगा। हिंदी टाइपिंग कृतिदेव या मंगल फॉन्ट में होगी। 10 मिनट में कम से कम एक बार पूरा गद्यांश टाइप नहीं करने वाले कैंडिडेट को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
परीक्षा में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपने हाल टिकट के साथ एक मूल फोटो पहचान पत्र लाना होगा। नवीनतम अपडेट के लिए उम्मीदवारों को आरआरबी की ऑफिशियल वेबसाइट www.rrbcdg.gov.in पर विजिट करने की सलाह दी गई है।
आरआरबी ने उम्मीदवारों को रुपये के बदले नौकरी दिलाने का झूठा वादा करने वालों से सावधान रहने की अपील की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आरआरबी की सभी भर्तियां कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से होती हैं और चयन पूरी तरह से उम्मीदवारों की योग्यता व मेरिट पर आधारित होता है।