Abhay Pratap Singh | January 5, 2026 | 04:05 PM IST | 2 mins read
आरएसएसबी वन रक्षक भर्ती 2025 के लिए कक्षा 10वीं-12वीं परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन के लिए पात्र हैं।

नई दिल्ली: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने वन विभाग सीधी भर्ती 2025 के लिए संक्षिप्त अधिसूचना जारी कर दी है। राजस्थान फॉरेस्ट गार्ड भर्ती 2025 के लिए आवेदन तिथियां, शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम के साथ विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द ही बोर्ड की वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जारी होने की उम्मीद है।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 785 पदों को भरा जाएगा। जिसमें वनपाल के 259 पद, वन रक्षक के 483 पद और सर्वेयर के 43 पद शामिल हैं। वनपाल पद चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-8, वनरक्षक पद पर चयनित कैंडिडेट को पे मैट्रिक्स लेवल-4 और सर्वेयर पद पर चयनित अभ्यर्थी को पे मैट्रिक्स लेवल-5 के तहत वेतन दिया जाएगा।
आरएसएसबी वन रक्षक भर्ती 2025 संक्षिप्त नोटिस के अनुसार, वनपाल और सर्वेयर पद के लिए आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच तथा वनरक्षक पद के लिए 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी, 2026 से की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु-सीमा में छूट दी जाएगी।
राजस्थान वन रक्षक भर्ती 2025 की चयन प्रक्रिया कई चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) शामिल है। सभी चरणों में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
अधिक जानकारी और नवीनतम अपडेट के लिए उम्मीदवारों को समय-समय पर आरएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी गई है।