Abhay Pratap Singh | March 12, 2026 | 02:38 PM IST | 1 min read
सबसे पहले कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार कराने का निर्णय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने लिया था।

नई दिल्ली: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) अजमेर द्वारा अगले साल से माध्यमिक (कक्षा 10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। आरबीएसई द्वारा नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर यह कदम उठाया गया है।
आरबीएसई की ओर से साल में दो बार कक्षा 10वीं की परीक्षा कराने का उद्देश्य विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए दूसरा मौका देना है। छात्र अपने स्कोर में सुधार के लिए दूसरी बार अधिकतम 3 विषयों की परीक्षा दे सकेंगे।
राजस्थान बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए कहा, “राजस्थान बोर्ड वर्ष 2027 में दो बार होगी माध्यमिक परीक्षा l” अगले साल से कक्षा 10वीं की पहली परीक्षा फरवरी महीने में और दूसरी परीक्षा मई-जून महीने आयोजित किए जाने की उम्मीद है।
आरबीएसई द्वारा शुरू किए गए इस नई व्यवस्था के तहत एक मुख्य परीक्षा और एक सुधार (दूसरा अवसर) परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस व्यवस्था के चलते यदि कोई छात्र पहले प्रयास में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाता है, तो उसे दूसरा मौका भी दिया जाएगा।
बोर्ड के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर किए गए पोस्ट में देव नाम के यूजर ने पूछा, “कब कब होगी यह भी अवगत करवा दें।” आरबीएसई बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से साल में दो बार होने वाली कक्षा 10 की परीक्षा किन महीनों में कराई जाएगी, इसकी पुष्टि नहीं की है।
राजस्थान बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने या दो-तीन विषयों में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। अधिक जानकारी व नवीनतम अपडेट के लिए आरबीएसई की वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।