Santosh Kumar | November 17, 2026 | 05:12 PM IST | 2 mins read
एनटीए ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बताया गया है कि बायोमेट्रिक्स अपडेट होने से परीक्षा केंद्रों पर पहचान की प्रक्रिया आसान और तनाव-मुक्त हो जाती है।

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। एनटीए ने कहा है कि अगर उम्मीदवार का आधार कार्ड 15 साल की उम्र से पहले बना था, तो परीक्षा से पहले उन्हें अपना बायोमेट्रिक अपडेट करवा लेना चाहिए। इससे परीक्षा केंद्र पर पहचान की पुष्टि (आइडेंटिटी वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो जाएगी और किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।
एनटीए ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बताया गया है कि बायोमेट्रिक्स अपडेट होने से परीक्षा केंद्रों पर पहचान की प्रक्रिया आसान और तनाव-मुक्त हो जाती है।
एनटीए ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए इस प्रक्रिया को पहले ही पूरा कर लें। यह एडवाइजरी एनटीए द्वारा आयोजित किसी भी परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों पर लागू होती है।
यूआईडीएआई के नियमों के अनुसार, आधार कार्ड के लिए पहली बार 5 साल की उम्र में और दूसरी बार 15 साल की उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट करना जरूरी है। चूंकि 15 साल की उम्र के आसपास शारीरिक विशेषताओं में बदलाव आते हैं।
जैसे उंगलियों के निशान, आंखों की पुतली के पैटर्न और चेहरे की बनावट; इसलिए बायोमेट्रिक डेटा को अपडेट करना बहुत जरूरी है। अगर ऐसा नहीं किया जाता है, तो आधार-आधारित वेरिफिकेशन के समय दिक्कतें आ सकती हैं।
एनटीए ने विशेष रूप से बताया है कि 15 से 17 साल की उम्र के लोगों के लिए यह बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह से मुफ्त है। उम्मीदवार नजदीकी 'आधार सेवा केंद्र' पर इस सुविधा का लाभ उठाएं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी नहीं की जा सकती।
इसके लिए आधार केंद्र पर खुद उपस्थित होना जरूरी है। परीक्षा केंद्रों पर आधार-आधारित पहचान वेरिफिकेशन अब एक आम प्रक्रिया बन गई है। अगर बायोमेट्रिक डेटा अपडेट नहीं है, तो वेरिफिकेशन के दौरान देरी हो सकती है।
नीट-यूजी के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद विवादों में आई एनटीए अब ऐसे योग्य संस्थानों और संगठनों से आवेदन आमंत्रित कर रही है, जिनके पास उपयुक्त बुनियादी ढांचा है और जो परीक्षा केंद्र के रूप में सूचीबद्ध होना चाहते हैं।
Press Trust of India