Abhay Pratap Singh | August 16, 2026 | 03:56 PM IST | 2 mins read
एमपीएचसी सहायक ग्रेड 3 चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा और स्किल टेस्ट (हिंदी टाइपिंग) चरण को शामिल किया गया है।

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट (MPHC) ने राज्य के जिला एवं सत्र न्यायालयों की स्थापनाओं में सहायक ग्रेड-3 के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए एमपी हाईकोर्ट असिस्टेंट ग्रेड 3 भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू होगी।
एमपीएचसी सहायक ग्रेड 3 भर्ती के माध्यम से कुल 1174 पदों को भरा जाएगा, जिसमें सामान्य वर्ग के 314 पद और ओबीसी के 325 पद शामिल हैं। इसके अलावा, एससी श्रेणी के लिए 181, एसटी के लिए 236 और ईडब्ल्यूएस के लिए 118 पद आरक्षित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतनमान के अनुसार 19500 से 62000 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
एमपी हाईकोर्ट असिस्टेंट ग्रेड 3 एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले आवेदक की आयु 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए। पुरुष अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष और महिला कैंडिडेट की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित कैटेगरी के तहत आने वाले उम्मीवारों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
एमपीएचसी सहायक ग्रेड 3 एप्लीकेशन फॉर्म 2026 भरने के लिए अनारक्षित एवं राज्य से बाहर के आवेदकों को 943.40 रुपये और ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस (केवल मप्र के मूल निवासी) व सभी दिव्यांग व्यक्तियों को 743.40 रुपये का भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
एमपी एचसी असिस्टेंट ग्रेड 3 चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा (100 अंक) और स्किल टेस्ट (हिंदी टाइपिंग) (50 अंक) चरण को शामिल किया गया है। अधिक जानकारी के लिए एमपी असिस्टेंट ग्रेड 3 नोटिफिकेशन 2026 जांच सकते हैं।
नीचे सारणी में उम्मीदवार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट असिस्टेंट ग्रेड 3 भर्ती 2026 से संबंधित तिथियां जांच सकते हैं:
| विवरण | तिथि एवं समय |
|---|---|
ऑनलाइन आवेदन करने की प्रारंभिक तिथि | 17 अगस्त 2026, दोपहर 12:00 बजे से |
ऑनलाइन आवेदन (भुगतान सहित) करने की अंतिम तिथि | 15 सितंबर 2026, शाम 5:00 बजे तक |
आवेदन में त्रुटि सुधारने की प्रारंभिक तिथि | 19 सितंबर 2026, दोपहर 12:00 बजे से |
आवेदन में त्रुटि सुधारने की अंतिम तिथि | 21 सितंबर 2026, शाम 5:00 बजे तक |
ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा की तिथि | बाद में अधिसूचित की जाएगी |