Santosh Kumar | August 26, 2026 | 11:20 AM IST | 1 min read
सुरेश खन्ना ने बताया कि इन छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए कुल 551.85 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और मेडिकल यूनिवर्सिटीज से एमबीबीएस और बीडीएस की परीक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए मासिक इंटर्नशिप भत्ता ₹12,000 से बढ़ाकर ₹25,000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह फैसला सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। इससे पहले 5 जनवरी, 2021 को सरकार ने इंटर्नशिप भत्ते को 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया था।
एमबीबीएस-बीडीएस की परीक्षा पास करने वाले छात्र इंटर्नशिप के दौरान विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के उपचार में सहयोग करने के साथ आपातकालीन सेवाओं, वार्ड, ओपीडी और रात्रिकालीन ड्यूटी में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने एक अन्य निर्णय के तहत वित्त वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ पाने से वंचित रह गए पात्र छात्रों को एक और अवसर देने का फैसला किया है।
छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोलने की मंजूरी दी गई है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न पात्र वर्गों के कुल 2,76,057 छात्र इस निर्णय से लाभान्वित होंगे।
Also readUP Cabinet: यूपी में 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, 2,374.60 करोड़ का बजट मंजूर
सुरेश खन्ना ने आगे बताया कि इन छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए कुल 551.85 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें जनरल कैटेगरी के 51,078 छात्रों के लिए 163.42 करोड़ रुपये शामिल हैं।
एससी श्रेणी के 64,971 छात्रों के लिए 58.17 करोड़ रुपये, एसटी के 5,192 छात्रों के लिए 9.21 करोड़ रुपये, ओबीसी के 1,36,136 छात्रों के लिए 300 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 18,680 छात्रों को 21.05 करोड़ रुपये की धनराशि दी जाएगी।