छात्रों के भविष्य को लेकर झारखंड सरकार चिंतित, शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधार - राज्यपाल संतोष गंगवार

Press Trust of India | July 31, 2026 | 07:44 PM IST | 2 mins read

झारखंड में जारी छात्रों के प्रदर्शनों से जुड़े एक सवाल के जवाब में गंगवार ने कहा, “आपने देखा कि दिल्ली में भी विरोध-प्रदर्शन हुआ था। वहां मामले को सुलझा लिया गया। यहां भी इसे उसी तरह सुलझाया जाना चाहिए।”

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों को एक ‘नयी दिशा’ देनी चाहिए। (इमेज-आधिकारिक एक्स/संतोष गंगवार)

नई दिल्ली: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है और राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार किए जा रहे हैं। राज्यपाल के रूप में अपने दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर मीडिया से बात करते हुए गंगवार ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों को उसी तरह से सुलझाया जाना चाहिए जैसे केंद्र सरकार ने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन को संभाला था।

झारखंड में जारी छात्रों के प्रदर्शनों से जुड़े एक सवाल के जवाब में गंगवार ने कहा, “आपने देखा कि दिल्ली में भी विरोध-प्रदर्शन हुआ था। वहां मामले को सुलझा लिया गया। यहां भी इसे उसी तरह सुलझाया जाना चाहिए।”

राज्य में झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित धांधली व अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हर राज्य को समस्याओं का सामना करना पड़ता है और अनियमितताएं होती हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हमारे बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।” उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों को एक ‘नयी दिशा’ देनी चाहिए।

Also read NEET 2026 Paper Leak: नीट पेपर तैयार और अनुवाद का काम एक ही समूह के शिक्षकों को देने से हुई गड़बड़ी - सूत्र

गंगवार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। इससे पहले, राज्यपाल के रूप में दो वर्ष पूरे होने पर लोक भवन में कुलपतियों, शिक्षाविदों, संपादकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत करते हुए गंगवार ने दोहराया कि राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के रूप में उच्च शिक्षा को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक रहा है।

अपने कार्यकाल को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने अपने लंबे संसदीय करियर की तरह ही पूरी प्रतिबद्धता के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

राज्यपाल ने राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर सहयोग देने के लिए राज्य सरकार का भी आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि ऐसा रचनात्मक सहयोग जन कल्याण और विकास पहलों को मजबूत करता रहेगा। इस अवसर पर एक कॉफी-टेबल बुक “संवाद से विश्वास” का भी विमोचन किया गया, जिसमें राज्यपाल के दो साल के कार्यकाल के दौरान की गई पहलों, उपलब्धियों और जनसंपर्क का दस्तावेजीकरण किया गया है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]