डेमो डे कार्यक्रम दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर, विजयवाड़ा और हैदराबाद में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, आईआईटी मद्रास इस वर्ष ‘फर्स्ट प्रिंसिपल्स टीचर्स अवार्ड’ भी शुरू कर रहा है।
Saurabh Pandey | May 30, 2025 | 08:28 PM IST
नई दिल्ली : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (आईआईटी मद्रास) जेईई उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को ‘डेमो डे’ कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए इनवाइट कर रहा है, जो देश भर के कई शहरों में फिजिकल मोड के साथ-साथ ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जाएंगे। यह उनके लिए वर्तमान छात्रों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों के साथ बातचीत करने और स्रोत से सीधे प्रामाणिक और लेटेस्ट जानकारी प्राप्त करने का अवसर होगा।
इच्छुक जेईई उम्मीदवारों को जल्द से जल्द पंजीकरण करने की सलाह दी जाती है क्योंकि इन आयोजनों में सीमित संख्या में सीटें हैं। इच्छुक उम्मीदवार वेबसाइट https://www.askiitm.com/demo-day पर पंजीकरण कर सकते हैं।
डेमो डे कार्यक्रम दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर, विजयवाड़ा और हैदराबाद में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, आईआईटी मद्रास इस वर्ष ‘फर्स्ट प्रिंसिपल्स टीचर्स अवार्ड’ भी शुरू कर रहा है, जिससे कि उन असाधारण शिक्षकों को मान्यता दी जा सके, जिन्होंने प्री-यूजी स्तर पर प्रथम सिद्धांतों से शिक्षण के माध्यम से अपने छात्रों की शैक्षिक यात्रा पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाला है।
आईआईटी मद्रास ने पिछले साल शुरू किए गए एआई और डेटा एनालिटिक्स (एआईडीए) में बी.टेक के अलावा दो नए बी.टेक. कार्यक्रम - कम्प्यूटेशनल इंजीनियरिंग और मैकेनिक्स (सीईएम) और इंस्ट्रूमेंटेशन और बायोमेडिकल इंजीनियरिंग (आईबीएमई) शुरू किया है।
आईआईटी मद्रास या छह अन्य स्थानों में से किसी में भी पहुंचने में असमर्थ छात्र 3 जून 2025 को निर्धारित एक ऑनलाइन सत्र में भी भाग ले सकते हैं, जिसके दौरान आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि, अन्य संकाय और पूर्व छात्र परिसर में जीवन के बारे में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पहलुओं से संबंधित विभिन्न प्रश्नों का जवाब देंगे।
तिथि | समय | स्थान / विवरण |
---|---|---|
3 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | ऑनलाइन (Zoom) |
4 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | बेंगलुरु - बैंगलोर इंटरनेशनल सेंटर |
4 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | जयपुर - पिंक सिटी प्रेस क्लब |
4 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | विजयवाड़ा - एमबी विज्ञान केंद्र |
5 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | मुंबई - वालचंद हीराचंद हॉल |
5 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | हैदराबाद - टी-हब |
5 जून 2025 | शाम 5 से 8 बजे | दिल्ली - डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर |
7 जून 2025 | दोपहर 2 से 8 बजे | चेन्नई - आईआईटी मद्रास - डेमो डे (कैंपस में) |
8 जून 2025 | दोपहर 2 से 8 बजे | चेन्नई - आईआईटी मद्रास - डेमो डे (पुनः आयोजन) |