Abhay Pratap Singh | April 23, 2026 | 10:58 PM IST | 2 mins read
दो वर्षीय कार्यकारी एमबीए कार्यक्रम में तीन दिन का डेनमार्क इमर्शन शामिल है, जो प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देता है और विभिन्न संस्कृतियों में नेतृत्व को समझने में मदद करता है।

नई दिल्ली: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अमृतसर (IIM Amritsar) ने शैक्षणिक वर्ष 2026-28 के लिए अपने दो वर्षीय एग्जिक्यूटिव मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (EMBA) प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट iimamritsar.ac.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं।
आवेदकों के पास सूचना प्रौद्योगिकी, कंसल्टिंग, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, ऊर्जा, विनिर्माण और पब्लिक सेक्टर जैसे उद्योगों में 3 से 15 वर्ष से अधिक तक का कार्य अनुभव होना चाहिए। यह कार्यक्रम टाइम्सप्रो के इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जाता है।
कार्यकारी एमबीए (ईएमबीए) कार्यक्रम विशेष रूप से कार्यरत पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें मध्य-करियर प्रबंधकों से लेकर सीनियर लीडर्स पदों पर कार्यरत प्रोफेशनल्स और उद्यमियों को ध्यान में रखा गया है। सफलतापूर्वक कार्यक्रम पूरा करने पर प्रतिभागियों को आईआईएम अमृतसर पूर्व छात्र का दर्जा दिया जाता है।
आईआईएम अमृतसर के एग्जिक्यूटिव एमबीए प्रोग्राम में छात्रों को आईआईएम अमृतसर एडमिशन टेस्ट (IAAT) के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा, कार्यरत पेशेवर कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT), ग्रेजुएट रिकॉर्ड एग्जामिनेशन (GRE) या ग्रेजुएट मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (GMAT) के अंकों के आधार पर भी दाखिला ले सकेंगे।
आईआईएम अमृतसर के निदेशक प्रो समीर के. श्रीवास्तव ने कहा, “कार्यकारी एमबीए कार्यक्रम वैश्विक जागरूकता और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण ऐसे लीडर्स को तैयार करने के लिए डिजाइन किया गया है जो जटिलताओं को समझ सकें और स्पष्टता से कार्य कर सकें। अंतरराष्ट्रीय अनुभव, व्यावहारिक शिक्षा और अकादमिक अनुसंधान को एकीकृत करके, हम उत्कृष्टता और भविष्य के लिए तैयार नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।”
यह कार्यक्रम ब्लेंडेड लर्निंग मॉडल पर आधारित है, जिसमें इंटरैक्टिव ऑनलाइन सत्रों के साथ अमृतसर में तीन ऑन-कैंपस इमर्सिव मॉड्यूल और डेनमार्क में अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ इंटरैक्टिव ऑनलाइन सत्र शामिल हैं।
पाठ्यक्रम में लाइव वर्चुअल क्लासेस और प्रत्यक्ष (ऑफलाइन) शिक्षण के जरिए 750 घंटे से अधिक के सहभागिता सत्र शामिल हैं। ईएमबीए कार्यक्रम को छह सत्रों में पूरा किया जाएगा।
आईआईएम अमृतसर में ईएमबीए के पाठ्यक्रम में डेनमार्क में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गहन अध्ययन कार्यक्रम शामिल है, जिसे कोपेनहेगन के डेनिश सांस्कृतिक संघ के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम कामकाजी पेशेवरों को स्थिरता, नवाचार और शासन पर स्कैंडिनेवियाई दृष्टिकोणों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।