Saurabh Pandey | November 10, 2026 | 07:44 PM IST | 2 mins read
आरआरबी ने जूनियर इंजीनियर, डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट के विभिन्न पदों के लिए भर्ती परीक्षा की आंसर की जारी कर दी है। उम्मीदवार 11-17 नवंबर तक ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकेंगे।

नई दिल्ली : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के विभिन्न पदों के लिए आयोजित पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों की रिस्पॉन्स शीट जारी करने की घोषणा की है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार 11 नवंबर 2026 से आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रश्न पत्र, दर्ज किए गए उत्तर और उत्तर कुंजी देख सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी को आयोग द्वारा जारी किसी प्रश्न, विकल्प या उत्तर पर संदेह है, तो वे निर्धारित तिथि तक अपनी ऑनलाइन आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं। अभ्यर्थी 17 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे तथा इसके लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद किसी भी स्थिति में किसी भी माध्यम से भेजी गई आपत्ति या प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आरआरबी जेई परीक्षा में शामिल उम्मीदवार किसी भी ऐसे प्रश्न या उत्तर को चुनौती दे सकते हैं जो उन्हें गलत लगता है; इसके लिए उन्हें प्रति प्रश्न 50 रुपये का आपत्ति शुल्क और लागू बैंक सर्विस चार्ज का भुगतान करना होगा। यदि आपत्ति सही पाई जाती है, तो बैंक चार्ज काटकर बाकी शुल्क वापस कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई (UPI) या नेट बैंकिंग के माध्यम से कर सकते हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद बोर्ड अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करेगा, जिस पर आरआरबी का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) तथा केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के पदों के लिए सीबीटी-1 परीक्षा का आयोजन देशभर के विभिन्न केंद्रों पर 27, 28 अक्टूबर और 2 नवंबर 2026 को किया गया था।