Saurabh Pandey | October 28, 2026 | 05:56 PM IST | 2 mins read
इग्नू दिसंबर टीईई परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट सफलतापूर्वक जमा होने के बाद ऑनलाइन पावती OAMS पोर्टल पर उपलब्ध होगी तथा विद्यार्थी के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजी जाएगी।

नई दिल्ली : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने दिसंबर 2026 की टर्म एंड परीक्षा (TEE) में बैठने वाले छात्रों के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली (OAMS) शुरू की है। इस नई सुविधा से छात्र अपने पाठ्यक्रम के असाइनमेंट ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। ओएएमएस के माध्यम से असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर, 2026 है। विश्वविद्यालय के ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन कार्यक्रमों में नामांकित छात्र इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
जिन विद्यार्थियों ने संबंधित पाठ्यक्रम का असाइनमेंट पहले ही उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें उसे दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार, जिन विद्यार्थियों ने दिसंबर 2026 की टीईई परीक्षा के लिए संबंधित असाइनमेंट अध्ययन केंद्र अथवा क्षेत्रीय केंद्र में हार्ड कॉपी के रूप में पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें उसी असाइनमेंट को ऑनलाइन दोबारा अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पात्र विद्यार्थी अपने इग्नू समर्थ स्टूडेंट अकाउंट में लॉगिन करके पाठ्यक्रमवार असाइनमेंट जमा कर सकते हैं।
इग्नू दिसंबर 2026 की टीईई परीक्षा 25 नवंबर, 2026 से शुरू होने वाली है। छात्रों को अपने असाइनमेंट समय सीमा से पहले जमा करना होगा और अपने संबंधित पाठ्यक्रमों के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए।