Saurabh Pandey | April 8, 2026 | 08:54 AM IST | 2 mins read
इफको ट्रेनी (अकाउंट्स) पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग की सफल समाप्ति के बाद न्यूनतम तीन वर्ष की सेवा अवधि के लिए एक सर्विस बॉन्ड भरना होगा।

नई दिल्ली : इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) की तरफ से ट्रेनी (अकाउंट्स) के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 15 अप्रैल तक आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से इफको की ऑफिशियल वेबसाइट iffco.in पर जाकर भरा जा सकता है।
आवेदन पत्र में आवेदक का नाम और पिता का नाम ठीक उसी तरह भरें, जैसे उनके शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र में लिखा है। आवेदन पत्र में अपनी नवीनतम पासपोर्ट आकार की फोटो अपलोड करें, साथ ही बारहवीं, स्नातक, सीए (इंटरमीडिएट) की मार्कशीट और प्रमाण पत्र और यदि कोई अनुभव प्रमाण पत्र हो, तो उसे भी अपलोड करें।
जिन आवेदकों द्वारा गलत जानकारी भरी गई पाई जाएगी, उन्हें इफको में परीक्षा/इंटरव्यू/रोजगार के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
इफको ट्रेनी (अकाउंट्स) भर्ती के लिए 1 अप्रैल, 2026 को उम्मीदवारों की आयु सीमा 30 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए 5 वर्ष और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 3 वर्ष की छूट दी जा सकती है।
इफको की तरफ से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से सीए (इंटरमीडिएट) या स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवारों के पास कॉर्पोरेट फाइनेंस एवं लेखा, कराधान, ट्रेजरी मैनेजमेंट और ईआरपी/एसएपी का ज्ञान होना चाहिए।
इफको ट्रेनी (अकाउंट्स) पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग की सफल समाप्ति के बाद न्यूनतम तीन वर्ष की सेवा अवधि के लिए एक सर्विस बॉन्ड भरना होगा।
इफको ट्रेनी (अकाउंट्स) भर्ती के लिए उम्मीदवारों को भारत भर में निर्धारित केंद्रों पर या उम्मीदवारों की संख्या के आधार पर IFFCO द्वारा तय किए गए केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा में शामिल होना होगा। ऑनलाइन परीक्षा में अपने प्रदर्शन के आधार पर चयनित उम्मीदवारों को ही पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
पर्सनल इंटरव्यू के बाद चयनित उम्मीदवारों को अंतिम चयन से पहले इफको के चिकित्सा मानकों के अनुसार चिकित्सकीय जांच की जाएगी।
मातृभाषा के अलावा एक से अधिक भारतीय भाषाओं का वर्किंग नॉलेज होना अनिवार्य होगा। चयनित उम्मीदवारों को सभी सूचनाएं ईमेल या एसएमएस के माध्यम से आवेदन पत्र में दिए गए मोबाइल नंबर पर भेजी जाएंगी।