Santosh Kumar | September 25, 2024 | 10:44 AM IST | 1 min read
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो वंचित परिवारों के छात्रों के लिए हर उपमंडल में 'अंबेडकर छात्रावास' बनाए जाएंगे।

नई दिल्ली: हरियाणा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। इस बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार (24 सितंबर) को राज्य में रहने वाले वंचित वर्ग के छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। चौटाला ने कहा है कि अगर चुनाव के बाद जेजेपी-एएसपी गठबंधन सत्ता में आता है तो वंचित परिवारों के छात्रों के लिए राज्य के हर उपमंडल में 'अंबेडकर छात्रावास' बनाए जाएंगे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री चौटाला ने कहा कि अगर 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद जेजेपी-एएसपी गठबंधन सत्ता में आता है तो वंचित परिवारों के छात्रों के लिए राज्य के हर उपमंडल में 'अंबेडकर छात्रावास' बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इनमें निशुल्क आवास की सुविधा दी जाएगी। चौटाला ने यह भी वादा किया कि अगर हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी)-आजाद समाज पार्टी (एएसपी) की सरकार बनती है तो वे हर खेत तक सिंचाई की सुविधा मुहैया कराएंगे।
Also readKejriwal Ki Guarantee: हरियाणा चुनाव से पहले 'आप' का ऐलान, युवाओं को मुफ्त शिक्षा और रोजगार का वादा
चौटाला ने यह घोषणा नूंह और तिगांव में जेजेपी-एएसपी उम्मीदवारों द्वारा आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए की। चौटाला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास 2,000 एकड़ का औद्योगिक केंद्र विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए गांवों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम और जिम बनाए जाएंगे। कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासन की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के बजाय, "हरियाणा से व्यापार खत्म हो गया।"
इनपुट-पीटीआई