Trusted Source Image

दिल्ली में कोचिंग संस्थानों में चलाया गया सुरक्षा जांच अभियान, सैकड़ों इमारतें की गई सील - महापौर प्रवेश वाही

Press Trust of India | June 23, 2026 | 06:04 PM IST | 2 mins read

जून 2023 में मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद से इन इलाकों में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।

महापौर ने कहा, “केवल राजेंद्र नगर ही नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली, उत्तर दिल्ली और अन्य क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई जारी है।” (इमेज-फेसबुक/प्रवेश वाही)
महापौर ने कहा, “केवल राजेंद्र नगर ही नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली, उत्तर दिल्ली और अन्य क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई जारी है।” (इमेज-फेसबुक/प्रवेश वाही)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोचिंग केंद्रों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए बहु-एजेंसी अभियान चलाया जा रहा है। महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। यह कदम लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के एक दिन बाद उठाया गया है, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में अधिकांश छात्र थे।

वाही ने कहा, “नगर निगम, दिल्ली अग्निशमन सेवा, पुलिस और अन्य एजेंसियां न केवल मुखर्जी नगर और ओल्ड राजेंद्र नगर जैसे कोचिंग केंद्रों में, बल्कि पूरे शहर में निरीक्षण अभियान चला रही हैं।” उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में नगर निगम ने ऐसे कई भवनों के खिलाफ कार्रवाई की है, जहां लोगों के जीवन और संपत्ति को जोखिम था। महापौर ने कहा, “सैकड़ों संपत्तियों को सील किया गया है और अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया है, विशेष रूप से उन इमारतों में जहां बिना अनुमति पांचवीं और छठी मंजिल का निर्माण किया गया था।”

उन्होंने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें नगर निगम और दिल्ली अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न विभाग शामिल हैं। टीम शहर के अलग-अलग हिस्सों में निरीक्षण कर रही है। वाही ने कहा, “केवल राजेंद्र नगर ही नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली, उत्तर दिल्ली और अन्य क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई जारी है।”

Also readलखनऊ में व्यावसायिक भवन में आग लगने से 12 छात्रों की मौत - ब्रजेश पाठक; अलीगढ़ दौरा छोड़ राजधानी लौटे योगी

उन्होंने निवासियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले उल्लंघनों की सूचना देने की अपील की। लखनऊ में आग लगने की घटना के बाद दिल्ली के घनी आबादी वाले छात्र केंद्रों, विशेषकर मुखर्जी नगर और ओल्ड राजेंद्र नगर में अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं। इन क्षेत्रों में हजारों छात्र ऐसे कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करते हैं, जो मिश्रित उपयोग या व्यावसायिक भवनों में संचालित होते हैं।

जून 2023 में मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद से इन इलाकों में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। उस घटना में बड़ी संख्या में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था और आपातकालीन तैयारी तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कई कमियां उजागर हुई थीं।

इस महीने की शुरुआत में दक्षिण दिल्ली के हौज रानी क्षेत्र स्थित एक पांच मंजिला होटल में आग लगने से 23 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में नाइजीरिया, किर्गिस्तान, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के विदेशी नागरिक भी शामिल थे। इस घटना ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि और भवन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Trusted Source ImageAdd as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]

Download Our App

Start you preparation journey for JEE / NEET for free today with our APP

  • Students300M+Students
  • College36,000+Colleges
  • Exams550+Exams
  • Ebooks1500+Ebooks
  • Certification16000+Certifications