CSBC Bihar Police Admit Card: बिहार पुलिस मद्यनिषेध कांस्टेबल एडमिट कार्ड का लिंक 1 जून से होगा एक्टिव

Saurabh Pandey | May 29, 2026 | 05:07 PM IST | 3 mins read

सीएसबीसी द्वारा मद्यनिषेध सिपाही, कक्षपाल और मोबाइल स्क्वाड सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 17 जून 2026 को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसके एडमिट कार्ड 1 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए पेन भी पर्षद द्वारा केंद्र पर ही दिया जाएगा तथा मोबाइल, घड़ी या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर रोक होगी।(आधिकारिक वेबसाइट)

नई दिल्ली : केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) बिहार द्वारा मद्यनिषेध सिपाही, कक्षपाल और मोबाइल स्क्वाड सिपाही के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के एडमिट कार्ड की तिथि घोषित कर दी गई है। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का आधिकारिक लिंक 1 जून 2026 को रात 12 बजे से एक्टिव कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी पर्षद की ऑफिशियल वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और जन्म तिथि की मदद से इसे डाउनलोड कर सकेंगे। डाक द्वारा कोई भी प्रवेश-पत्र नहीं भेजा जाएगा।

यह परीक्षा दो अलग-अलग दिनों में दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पर्षद द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, 14 जून 2026 (रविवार) को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक 8 जून 2026 को (रात 12 बजे) एक्टिव होगा, जो परीक्षा के दिन सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध रहेगा।

वहीं, 17 जून 2026 (बुधवार) को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोडिंग 11 जून 2026 को (रात 12) बजे से शुरू होगी। जो अभ्यर्थी किसी कारणवश वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाएंगे, वे पर्षद के बैंक हार्डिंग रोड (सचिवालय हाल्ट के निकट), पटना स्थित कार्यालय से डुप्लीकेट ई-प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

CSBC Bihar Police Exam Date: रिपोर्टिंग टाइम

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मॉर्निंग शिफ्ट के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी शिफ्ट के लिए दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर ई-प्रवेश पत्र के साथ एक वैध फोटो पहचान-पत्र (जैसे- पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र या अन्य सरकारी आईडी) लाना अनिवार्य होगा। यदि एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो अभ्यर्थी को राजपत्रित पदाधिकारी (Gazetted Officer) से अभिप्रमाणित फोटो के साथ उपस्थित होना होगा। परीक्षा समाप्त होने और प्रयुक्त ओएमआर शीट को सीलबंद कराने के बाद ही छात्र कक्ष छोड़ सकेंगे।

CSBC Bihar Constable Exam: परीक्षा कार्यक्रम

परीक्षा की तिथि
शिफ्ट
परीक्षा अवधि (दो घंटे)
अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम
14.06.2026 (रविवार)
सुबह
10 बजे से 12 बजे तक
सुबह 8 बजे से 9 बजे तक
14.06.2026 (रविवार)
दोपहर
दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक
17.06.2026 (बुधवार)
सुबह
10 बजे से 12 बजे तक
सुबह 8 बजे से 9 बजे तक
17.06.2026 (बुधवार)
दोपहर
दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक

पेन भी पर्षद देगा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर होगी जेल

कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट भरने के लिए पेन प्रश्न-पुस्तिका के साथ ही परीक्षा कक्ष में उपलब्ध कराया जाएगा, इसलिए किसी भी प्रकार की लेखन सामग्री ले जाना वर्जित है। इसके अलावा मोबाइल, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर और सामान्य या स्मार्ट रिस्ट वॉच (घड़ी) ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई भी अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अवांछित सामग्री के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दो घंटे की होगी ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा

भर्ती के प्रथम चरण में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसके लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय दिया जाएगा, जिसमें कुल 100 वस्तुनिष्ठ (Objective) प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक निर्धारित किया गया है और इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। परीक्षा ओएमआर (OMR) शीट आधारित होगी।

Also read RBI Assistant Mains Admit Card 2026: आरबीआई असिस्टेंट मेन्स एडमिट कार्ड rbi.org.in पर जारी, परीक्षा तिथि जानें

मैट्रिक स्तर का होगा पाठ्यक्रम

लिखित परीक्षा का स्तर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की 10वीं कक्षा (मैट्रिक) या उसके समकक्ष होगा। इसमें मुख्य रूप से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान (इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र), विज्ञान (भौतिकी, रसायन शास्त्र, प्राणि विज्ञान, वनस्पति विज्ञान) और सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक (Current Affairs) मामलों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।

30 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य

लिखित परीक्षा में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। इससे कम अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में दिए गए तथ्यों की जांच के बाद ही अभ्यर्थिता पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

MakeCAREERS360
My Trusted Source
Add as a preferred source on google
[

विशेष समाचार

]
[

नवीनतम शिक्षा समाचार

]