Abhay Pratap Singh | May 22, 2026 | 05:27 PM IST | 2 mins read
छात्रों को अपनी उत्तर-पुस्तिका की स्कैन की हुई कॉपी मिलने के बाद अगले चरण यानी त्रुटियों के सत्यापन/ पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने हेतु दो दिन का समय दिया जाएगा।

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई फोटोकॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। छात्र आधिकारिक पोर्टल pvr.cbseit.in/pvr के माध्यम से 24 मई तक सीबीएसई कक्षा 12 की स्कैन आंसर शीट 2026 डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड ने 22 मई को अपने एक्स हैंडल पर एक अपडेट पोस्ट करते हुए कहा, “कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई प्रतियां प्राप्त करने के लिए आवेदन करने वाला पोर्टल अब पूरी तरह से चालू है।” इससे पहले स्कैन आंसर शीट प्राप्त करने की आखिरी तिथि 23 मई, 2026 निर्धारित थी।
नोटिस में कहा गया कि, पिछले कुछ दिनों से सीबीएसई की वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक और अनाधिकृत हस्तक्षेप के चलते इसमें रुकावटों के कारण कामकाज प्रभावित हुआ है। इसलिए, कोई भी छात्र पीछे न रह जाए, कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर-पुस्तिका की स्कैन फोटोकॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दी गई है।
छात्रों को अपनी उत्तर-पुस्तिका की स्कैन की हुई कॉपी मिलने के बाद अगले चरण यानी त्रुटियों के सत्यापन/ पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने हेतु दो दिन का समय दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे इस बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाएं और तदनुसार आवेदन करें।
बोर्ड ने एक में 20 मई को किए गए एक पोस्ट में बताया कि, 20 मई, 2026 को शाम 7:30 बजे तक यानी पोर्टल खुलने के 3 घंटे के भीतर ही 3,87,399 स्कैन की हुई उत्तर पुस्तिकाओं को प्राप्त करने के लिए 1,27,146 आवेदन सफलतापूर्वक जमा कर दिए गए थे। नवीनतम अपडेट के लिए https://www.cbse.gov.in/cbsenew/cbse.html पर उपलब्ध नोटिस जांच सकते हैं।
नीचे सारणी में उम्मीदवार संशोधित तिथियां जांच सकते हैं:
| विवरण | तिथियां |
|---|---|
| उत्तर पुस्तिका की स्कैन फोटोकॉपी प्राप्त करने की पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि | 23 मई, 2026 |
| उत्तर पुस्तिका की स्कैन की हुई फोटोकॉपी प्राप्त करने की संशोधित अंतिम तिथि | 24 मई, 2026 |
| पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन शुरू होने की तिथि | 26 मई, 2026 |
| पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि | 29 मई, 2026 |