Saurabh Pandey | December 20, 2025 | 03:50 PM IST | 1 min read
बिहार सक्षमता परीक्षा 2025 के चौथे फेज का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।
.jpg)
नई दिल्ली : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सक्षमता परीक्षा 2025 के चौथे चरण का रिजल्ट आज 19 दिसंबर को जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट secondary.biharboardonline.com और biharboardonline.com के माध्यम से अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।
बिहार सक्षमता परीक्षा के चौथे चरण में कुल 14,936 शिक्षक उम्मीदवारों ने भाग लिया, जिनमें से 4,932 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। इस चरण में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 33.02 प्रतिशत रहा है।
इस परीक्षा का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट sakshamtabihar.com पर उपलब्ध है, जिसे शिक्षक अभ्यर्थी अपने लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से देख सकते हैं।
कक्षा | परीक्षा में उपस्थित उम्मीदवार | उत्तीर्ण उम्मीदवार | उत्तीर्ण प्रतिशत |
|---|---|---|---|
कक्षा 1–5 | 13,726 | 4,182 | 30.47% |
कक्षा 6–8 | 387 | 266 | 68.73% |
कक्षा 9–10 | 592 | 354 | 59.80% |
कक्षा 11–12 | 231 | 130 | 56.28% |
समिति द्वारा आयोजित इस परीक्षा में शामिल 14,936 शिक्षक अभ्यर्थियों में 8,501 महिला शिक्षिका हैं तथा 6,435 पुरूष शिक्षक हैं, जिनमें 2,725 महिला शिक्षिका एवं 2,207 पुरुष शिक्षक उत्तीर्ण हुए हैं।
बिहार में स्थानीय निकाय शिक्षकों की सक्षमता परीक्षा 2025 के चौथे चरण के लिए 24 से 27 सितंबर, 12 अक्टूबर और 22 अक्टूबर 2025 को सीबीटी परीक्षा आयोजित की गई थी। जबकि उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट 15 नवंबर 2025 को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर जारी की गई थी। उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए 18 नवंबर 2025 तक समय दिया गया था।