Saurabh Pandey | February 28, 2026 | 01:14 PM IST | 1 min read
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट के विद्यार्थी इस बात का ध्यान रखें कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी परीक्षार्थी द्वारा दर्ज की जाने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

नई दिल्ली : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) परीक्षा 2026 में पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। उत्तर कुंजी में कला, विज्ञान, वाणिज्य और व्यावसायिक स्ट्रीम के सभी सैद्धांतिक विषयों को शामिल किया गया है और इसे विषय विशेषज्ञों के एक पैनल द्वारा तैयार किया गया है।
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और वोकेशनल कोर्स के सभी सैद्धांतिक विषयों में निर्धारित अंकों का 50 प्रतिशत वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के आधार पर दिया गया था। सभी विषयों के लिए ओएमआर आधारित उत्तर कुंजी का उपयोग किया गया था।
बिहार बोर्ड इंटर की उत्तर कुंजी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए, छात्रों को अपने कोड और सीरियल नंबर का उपयोग करके लॉगिन करना होगा। समिति की वेबसाइट पर अपलोड वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की उत्तर कुंजी के संबंध में यदि किसी भी परीक्षार्थी को कोई आपत्ति है, तो वह 6 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.com या objection.biharboardonline.com पर जाकर अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की तरफ से बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। बोर्ड द्वारा नोटिस में कहा गया है कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य सभी जिलों में निर्धारित मूल्यांकन केन्द्रों पर 27 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगा और 10 मार्च 2026 तक चलेगा।