Saurabh Pandey | April 30, 2026 | 06:35 PM IST | 2 mins read
अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट से अपना ई-प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकलवाना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक के माध्यम से प्रवेश-पत्र नहीं भेजा जाएगा।

नई दिल्ली : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने पुलिस सब इंस्पेक्टर पदों पर भर्ती के लिए मुख्य लिखित परीक्षा का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था। अब आयोग के नए नोटिस के अनुसार यह परीक्षा 27 मई 2026 (बुधवार) को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
बीपीएसएससी एसआई मुख्य परीक्षा दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे ही परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसका रिपोर्टिंग समय दोपहर 1 बजे निश्चित किया गया है। प्रत्येक पाली की अवधि दो घंटे निर्धारित है और उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर केंद्र पर उपस्थिति दर्ज करानी अनिवार्य है।
बीपीएसएससी एसआई मुख्य परीक्षा के लिए ई-प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि भी घोषित कर दी गई है। उम्मीदवार 13 मई 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाकर 'Bihar Police' टैब के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने उम्मीदवारों को सूचित किया है कि किसी भी परिस्थिति में प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को स्वयं वेबसाइट से इसका प्रिंट आउट लेना होगा। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ एक वैलिड फोटो पहचान पत्र ले जाना आवश्यक है।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ एक वैलिड फोटो पहचान पत्र जैसे कि आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट ले जाना अनिवार्य है। यदि आपके एडमिट कार्ड पर फोटो साफ नहीं है या गायब है, तो आपको अपने साथ आवेदन फॉर्म में उपयोग की गई फोटो जैसी दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लानी होंगी।
यदि कोई अभ्यर्थी तकनीकी कारणों से वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाता है, तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थी 22 मई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच पटना स्थित बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के कार्यालय (5, हार्डिंग रोड, पटना-800001) जा सकते हैं। वहां अपने आवेदन की पावती (Receipt) की फोटोकॉपी और एक वैलिड फोटो पहचान पत्र दिखाकर, अभ्यर्थी अपने खर्च पर डुप्लिकेट एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को स्वयं कार्यालय में उपस्थित होना होगा।