Saurabh Pandey | November 6, 2026 | 02:52 PM IST | 2 mins read
कोटा विश्वविद्यालय ने राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा का परिणाम और मूल्यांकन प्रक्रिया जारी कर दी है। विश्वविद्यालय ने रिजल्ट के साथ-साथ फाइनल आंसर की भी जारी की है।

नई दिल्ली : कोटा विश्वविद्यालय (UOK) राजस्थान ने राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पद की पात्रता तय करने के लिए 'राज्य पात्रता परीक्षा (SET)-2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही फाइनल आंसर की भी जारी की गई है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट uok.ac.in पर जाकर रिजल्ट पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी दो सप्ताह बाद अपनी एसएसओ आईडी से लॉगिन करके ई-प्रमाण पत्र और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। राजस्थान एसईटी-2026 परीक्षा उत्तीर्ण करने पर एसईटी कार्यालय (कोटा विश्वविद्यालय, कोटा) को किसी भी दस्तावेज या प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।
कोटा विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस परीक्षा के लिए कुल 1,77,901 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,39,383 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 9,191 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिससे इस बार का कुल परिणाम 6.59 प्रतिशत रहा है।
राजस्थान एसईटी-2026 में अंतरिम रूप से सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर और विषयवार कट-ऑफ विवरण आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों के रोल नंबर इस सूची में शामिल नहीं हैं, वे उत्तीर्ण नहीं हुए हैं। परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट uok.ac.in पर उपलब्ध है।
भूगोल और शारीरिक शिक्षा विषयों की परीक्षा का आयोजन दो अलग-अलग पालियों में किया गया था। अतः निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इन दोनों विषयों के परिणाम में स्केलिंग तकनीक का प्रयोग किया गया है।
Also read UPSC NDA-NA Result 2026: यूपीएससी एनडीए-एनए फाइनल रिजल्ट upsc.gov.in पर जारी, 617 अभ्यर्थी सफल
यदि किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प सही पाए जाते हैं, तो उन सही विकल्पों में से किसी एक को चुनने वाले अभ्यर्थियों को ही 2 अंक दिए जाएंगे। यदि प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए जाते हैं या प्रश्न में कोई त्रुटि होती है अथवा उसे ड्रॉप किया जाता है, तो उस प्रश्न को अटेंप्ट करने वाले अभ्यर्थियों को 2 अंक दिए जाएंगे। नेगेटिव मार्किंग न होने के कारण अभ्यर्थियों को सबसे सही विकल्प चुनने की सलाह दी गई थी।