Santosh Kumar | August 13, 2026 | 02:58 PM IST | 3 mins read
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के रुख में भी साफ बदलाव दिख रहा है; पहले उन्होंने मांग पत्र भेजने और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही थी, लेकिन अब वे एसटीईटी आयोजित करने पर सहमत हो गए हैं।

नई दिल्ली: बिहार में बीपीएससी टीआरई-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। तकनीकी दिक्कतों और भर्ती की जरूरी जानकारी में कुछ विषयों/रिक्तियों के छूट जाने के कारण विज्ञापन जारी करने में देरी हो रही है। इस बीच, बीएसईबी द्वारा एसटीईटी नोटिफिकेशन जारी करने से टीआरई-4 पर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, जिन्होंने पहले कहा था कि एसटीईटी परीक्षा नहीं होगी, अब अपने बयान से पलट चुके हैं। नतीजतन, सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (बीएसईबी) ने एसटीईटी 2026 आयोजित करने की घोषणा की है। बीएसईबी एसटीईटी 2026 का नोटिफिकेशन 14 अगस्त को जारी किया जाएगा और ऑनलाइन आवेदन 17 अगस्त से शुरू होंगे।
वहीं, टीआरई 4 का विज्ञापन अभी जारी नहीं किया गया है। उम्मीदवार करीब 3 साल से इंतजार कर रहे हैं और अब उनका सब्र जवाब देने लगा है। अभ्यर्थियों की मांग है कि इसी सप्ताह टीआरई-4 विज्ञापन व परीक्षा की डेट जारी करें।
एक यूजर (@PrachiSing85479) ने 'एक्स' पर लिखा, "एसटीईटी को लेकर अब और बहाने बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इसी सप्ताह टीआरई-4 नोटिफ़िकेशन, एग्जाम डेट जारी की जाएं। वरना, हम मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग करेंगे।"
एक अन्य यूजर (@Shailes71982843) ने लिखा, "टीआरई 4 का विज्ञापन जल्द जारी किया जाना चाहिए क्योंकि इसके पहले ही दो बार एसटीईटी हो चुका है तो फिर पुनः एसटीईटी क्यों? शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी इस्तीफा दो।"
इससे पहले, टीआरई-4 के नाम पर एसटीईटी परीक्षा दो बार-2024 और 2025 में-आयोजित की गई, फिर भी टीआरई-4 के लिए शिक्षकों की असल भर्ती अभी नहीं हो पाई। अब, फिर से बोर्ड की ओर से एसटीईटी का ऐलान किया गया है।
बता दें कि जहां पहले टीआरई-4 को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा था, वहीं अब एसटीईटी को प्राथमिकता दी गई है, सरकार का कहना है कि इससे नए उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के रुख में भी साफ बदलाव दिख रहा है; पहले उन्होंने मांग पत्र भेजने और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही थी, लेकिन अब वे एसटीईटी आयोजित करने पर सहमत हो गए हैं।
इससे पहले, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा था कि बीपीएससी टीआरई 4 से पहले एसटीईटी नहीं होगा। शिक्षा मंत्री ने आगे कहा था कि यह परीक्षा पहले ही कई बार हो चुकी है और उम्मीदवार उम्र सीमा पार कर रहे हैं।
टीआरई-4 के तहत कक्षा 1 से 12 तक के लिए 32,000 से अधिक पदों पर भर्ती की उम्मीद है, जिसमें अधिकतर वैकेंसी हायर सेकेंडरी लेवल पर हो सकती हैं। हालांकि मांग पत्रों में संशोधन के बाद जल्द ही विज्ञापन आने की उम्मीद है।
हालांकि, एसटीईटी की वजह से समय-सीमा पर असर पड़ सकता है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि एसटीईटी 2026 के उम्मीदवार परीक्षा पास करने के बाद ही बीपीएससी टीआरई-4 भर्ती के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।
टीआरई-4 परीक्षा एसटीईटी-2026 के नतीजे घोषित होने के बाद ही आयोजित की जाएगी। कुल मिलाकर, जहां TRE-4 को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, वहीं एसटीईटी उम्मीदवारों को मिले मौके ने कई युवाओं में नई उम्मीद जगाई है।
इस जानकारी में बिहार के शिक्षा विभाग और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तहत स्कूल शिक्षकों की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीखों का जिक्र है। आयोग ने साफ किया है कि यह जानकारी पूरी तरह से फर्जी है।
Santosh Kumar