Santosh Kumar | July 28, 2026 | 10:15 AM IST | 1 min read
सामान्य प्रशासन विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन है। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद, बीपीएससी को भर्ती का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

नई दिल्ली: बिहार में 2026 में होने वाली शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि टीआरई-4 के तहत 20,000 से अधिक पदों पर भर्ती का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन है। मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद, एक-दो दिनों में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भर्ती का प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसके बाद आयोग भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि विभाग ने सोमवार को टीआरई-4 के तहत शिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया है। मुख्यमंत्री की मंज़ूरी मिलते ही बीपीएससी को मांग-पत्र भेज दिया जाएगा।
बीपीएससी टीआरई-4 के जरिए 20 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी लेवल के साथ-साथ प्राइमरी लेवल पर भी कुछ पद भरे जाएंगे। सीएम की मंजूरी एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद, बीपीएससी भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा और आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। आयोग जुलाई के आखिरी दिनों या अगस्त के पहले सप्ताह में बीपीएससी टीआरई 4 नोटिफिकेशन और विज्ञापन जारी करेगा।
Also readNEET Paper Leak Protest: बिहार सरकार सभी मामले वापस लेगी, गिरफ्तार लोगों को रिहा किया जाएगा
बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार, टीआरई-4 22 से 27 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। इसके नतीजे नवंबर 2026 में घोषित किए जाएंगे। इस भर्ती अभियान में प्राइमरी, मिडिल, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल होंगे।
राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों (2026–2030) में कुल एक लाख शिक्षकों की भर्ती करना है, जिसमें हर साल लगभग 20,000 पद भरे जाएंगे। बीपीएससी टीआरई-4 इस योजना का पहला चरण है।