Saurabh Pandey | August 25, 2026 | 05:50 PM IST | 2 mins read
बिहार स्वास्थ्य विभाग ने सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर के 3-वर्षीय पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 8 सितंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म और शुल्क जमा कर सकते हैं।

नई दिल्ली : बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के चिकित्सा और दंत चिकित्सा महाविद्यालयों एवं अस्पतालों में सीनियर रेजिडेंट तथा ट्यूटर के 3-वर्षीय पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 8 सितंबर 2026 है।
भरे गए आवेदन फॉर्म में संशोधन 9 सितंबर तक किया जा सकेगा। इसके बाद 11 सितंबर 2026 को दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम प्रकाशित किया जाएगा। अभ्यर्थी बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन और शुल्क जमा कर कंफर्मेशन पेज का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) द्वारा संचालित इस भर्ती प्रक्रिया के आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। अनारक्षित (पुरुष) वर्ग के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, अनारक्षित (महिला), बीसी और ईबीसी के लिए 40 वर्ष तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए 42 वर्ष तय की गई है।
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले सभी श्रेणियों के आवेदकों के लिए शुल्क 2,250 निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। भुगतान किया गया शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।
न्यूनतम शैक्षणिक क्वालीफिकेशन के तहत संबंधित विषय में स्नातकोत्तर (MD/MS/DNB/MDS) डिग्रीधारी अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। उम्मीदवारों की कमी होने पर ही डिप्लोमा धारकों पर विचार किया जाएगा। पदों का आवंटन तीन श्रेणियों में किया गया है।