Saurabh Pandey | September 17, 2026 | 11:45 AM IST | 2 mins read
एम्स आईएनआई सीईटी पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र उम्मीदवार 1 नवंबर को भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

नई दिल्ली : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने जनवरी 2027 सत्र के लिए पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट (INI-CET) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, 2026 तक है। आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद उम्मीदवार 17 से 19 अक्टूबर, 2026 तक जनवरी सत्र के लिए अपने पंजीकरण की स्थिति देख सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 26 अक्टूबर 2026 को एम्स की आधिकारिक वेबसाइट पर आपके फॉर्म की अंतिम स्थिति जारी की जाएगी और परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी अपलोड कर दिए जाएंगे।
देश के प्रमुख मेडिकल संस्थानों- जैसे एम्स नई दिल्ली, देश भर के अन्य एम्स, जिपमर पुडुचेरी, निमहंस बेंगलुरु, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ और एससीटीआईएमएसटी त्रिवेंद्रम में पीजी मेडिकल पाठ्यक्रमों (MD, MS, M.Ch., DM और MDS) में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आईएनआई सीईटी 2027 के पात्रता मानदंडों के अनुसार, उम्मीदवारों के पास एनएमसी द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एक वर्ष की रोटेटरी इंटर्नशिप पूरी की हो और उसका प्रमाण पत्र प्राप्त किया हो। सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए एमबीबीएस में न्यूनतम 55% अंक आवश्यक हैं, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 50% अंक आवश्यक हैं।
श्रेणी | पंजीकरण शुल्क |
सामान्य, ओबीसी, विदेशी नागरिक, ओसीआई आवेदक | 4,000 रुपये |
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ईडब्ल्यूएस आवेदक | 3,200 रुपये |
दिव्यांग आवेदक | आवेदन शुल्क से छूट |
एम्सआईएनआई सीईटी जनवरी 2027 की परीक्षा 1 नवंबर, 2026 को देश भर के विभिन्न शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा 3 घंटे की कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें 200 सवाल होते हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।