Abhay Pratap Singh | September 24, 2026 | 05:05 PM IST | 2 mins read
आयोग ने कहा, जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, पद की अनिवार्य पात्रता पूरी करते हैं और उनके प्राप्तांक कटऑफ के बराबर या उससे अधिक हैं, लेकिन उनका नाम साक्षात्कार के लिए जारी सूची में शामिल नहीं है, वे अपना प्रत्यावेदन जमा कर सकते हैं।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने अनुदेशक टर्नर 2016 भर्ती के लिए साक्षात्कार तिथि जारी कर दी है। यूपीएसएसएससी इंस्ट्रक्टर इंटरव्यू का आयोजन 15 और 16 अक्टूबर 2026 को आयोग कार्यालय में किया जाएगा। आयोग ने बताया कि, साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
यूपीएसएसएससी अनुदेशक टर्नर 2016 इंटरव्यू के लिए कुल 123 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। साक्षात्कार के लिए आमंत्रित कुल अभ्यर्थियों में से 17 को प्रोविजनल रूप से साक्षात्कार की सूची में शामिल किया गया है। इन अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज/प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने और तथ्यों को स्पष्ट करने के बाद ही सक्षम स्तर से मंजूरी मिलने पर साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
नोटिस में कहा गया कि, “जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, पद की अनिवार्य पात्रता पूरी करते हैं और उनके प्राप्तांक आयोग की वेबसाइट पर जारी कटऑफ के बराबर या उससे अधिक हैं, लेकिन उनका नाम साक्षात्कार के लिए जारी सूची में शामिल नहीं है, वे 30 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक अपना प्रत्यावेदन जमा कर सकते हैं।”
ऐसे अभ्यर्थियों को ‘उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, पिकप भवन, पंचम तल पर स्थित केंद्रीय प्राप्ति व प्रेषण अनुभाग’ में अपने प्रत्यावेदन के साथ विज्ञापन में निर्धारित अनिवार्य अर्हता और अनुभव से संबंधित सभी दस्तावेजों की छायाप्रति भी देनी होगी। पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार निर्धारित तिथि में ही आयोजित किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि 30 सितंबर, 2026 की शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा तथा अन्य कोई अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। यूपीएसएसएससी ने अनुदेशक टर्नर इंटरव्यू डेट के साथ कैटेगरी-वाइज लम्बवत आरक्षण और क्षैतिज आरक्षण के लिए कटऑफ अंक भी जारी किए हैं।
इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 9 रिक्त पद भरे जाएंगे, जिसमें एनटीसी/ एनएसी अर्हता के लिए विज्ञापित 4 पद व डिप्लोमा डिग्री अर्हता के लिए विज्ञापित 5 पद शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिस जांचने और नवीनतम अपडेट के लिए समय-समय पर upsssc.gov.in पर विजिट करने की सलाह दी गई है।