Press Trust of India | September 24, 2026 | 03:52 PM IST | 1 min read
स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश मेहता ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए।

नई दिल्ली: पंजाब के फिरोजपुर में स्थित एक सरकारी कन्या स्कूल को 24 सितंबर को अज्ञात ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद पुलिस ने परिसर को खाली कराते हुए तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात ईमेल अकाउंट से धमकी भरा मेल भेजा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल भवन परिसर तथा आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए परिसर खाली करा दिया गया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश मेहता ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह ने कहा, “छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसर को खाली करा लिया गया था।” उन्होंने यह भी बताया कि साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब और हरियाणा में कई जगह इसी तरह की धमकियां मिली हैं जो बाद में अफवाह साबित हुईं। इस महीने की शुरुआत में जिला अदालत परिसर को भी बम की धमकी वाला ईमेल मिला था जिसके बाद पुलिस ने परिसर खाली कराया गया था। बाद में वह धमकी भी अफवाह निकली।