Abhay Pratap Singh | September 25, 2026 | 05:44 PM IST | 2 mins read
यूपीईएसएससी एडेड डिग्री कॉलेज प्रिंसिपल एग्जाम 2026 लखनऊ के 2 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई।

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा विज्ञापन संख्या 02/ 2026 के तहत प्राचार्य (अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा 24 सितंबर को सफलतापूर्वक करा ली गई है। यूपीईएसएससी प्रिंसिपल परीक्षा 2026 में में 90.36% महिला अभ्यर्थी शामिल हुईं।
यूपीईएसएससी एडेड डिग्री कॉलेज प्रिंसिपल एग्जाम 2026 लखनऊ के 2 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 813 अभ्यर्थियों में से 722 (88.81%) शामिल हुए, जिनमें पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थित 88.36% रही, जो महिलाओं की तुलना में 2% कम है।
आयोग द्वारा यूपीईएसएससी प्रिंसिपल आंसर की 2026 जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान के साथ समय-सीमा के भीतर आपत्तियां उठाने का मौका भी मिलेगा। अभ्यर्थी उत्तर कुंजी की मदद से अपने संभावित अंकों की गणना कर सकेंगे।
नोटिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान आयोग ने एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से आयोग अध्यक्ष डॉक्टर प्रशांत कुमार, सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थित में संबंधित परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई। साथ ही, परीक्षा केंद्र पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
आगे बताया गया कि, “लखनऊ जिले के निर्धारित 2 केंद्रों पर परीक्षा सुचारु रूप से पारदर्शी, नकल विहीन, सुचितापूर्ण, बिना किसी बाधा और निर्धारित समय में समाप्त हुई।” इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 111 रिक्त पदों को भरा जाएगा। चयनित कैंडिडेट का पे स्केल लेवल-14 के तहत 1,44,200 से 2,18,200 रुपये होगा।
यूपीईएसएससी प्राचार्य भर्ती 2026 चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और फाइनल सिलेक्शन चरण शामिल है। लिखित परीक्षा में 360 अंकों के लिए 120 प्रश्न पूछे गए थे। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 अंक काटा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में ग्रुप ‘सी’ और कुछ अन्य सरकारी नौकरियों की मुख्य परीक्षाओं में बैठने के लिए पात्रता निर्धारित करने के लिए यूपीएसएसएससी पीईटी परीक्षा प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है।
Abhay Pratap Singh