Saurabh Pandey | June 18, 2026 | 09:41 AM IST | 2 mins read
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा एसआई भर्ती 2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 29 और 30 जून 2026 को आयोजित की जाएगी , जबकि छूटे हुए अभ्यर्थियों के लिए 1 जुलाई 2026 को रिजर्व-डे रखा गया है।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सब इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तिथियां घोषित कर दी हैं। इस संबंध में बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एक महत्वपूर्ण सूचना और विज्ञप्ति जारी की गई है। जो अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और इसके बाद के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षा (DV/PST) में सफल हुए हैं, वे अब अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा का शेड्यूल देख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 29 जून 2026 (सोमवार) और 30 जून 2026 (मंगलवार) को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, बोर्ड ने किसी कारणवश छूटे अभ्यर्थियों के लिए 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को एक 'रिजर्व-डे' के रूप में भी निर्धारित किया है।
यूपी पुलिस एसआई भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तिथि से लगभग 7 दिन पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर दिए गए लिंक के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थियों को उसमें अंकित परीक्षा केंद्र, तिथि और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
यह भर्ती प्रक्रिया उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के अन्तर्गत कुल 4,543 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है, जिसकी चयन प्रक्रिया का विज्ञापन 12 अगस्त 2025 को जारी किया गया था। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 7 मई 2026 को घोषित हुआ था। लिखित परीक्षा में मेरिट और आरक्षण नीति के आधार पर श्रेणीवार पदों के सापेक्ष लगभग 2.7 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी डीवी/पीएसटी (DV/PST) के लिए बुलाया गया था।
बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती), पुलिस उप महानिरीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज द्वारा जारी इस नोटिस में अभ्यर्थियों को यह सलाह दी गई है कि वे आगे की महत्वपूर्ण जानकारियों और निर्देशों के लिए लगातार यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं और निर्देश केवल वेबसाइट के माध्यम से ही दिए जाएंगे ।