Saurabh Pandey | March 13, 2026 | 01:31 PM IST | 3 mins read
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) की लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। यह परीक्षा 400 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में कुल 160 प्रश्न पूछे जाएंगे और 4 अलग-अलग सेक्शन होंगे।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च कोआयोजित की जानी है। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए भर्ती बोर्ड ने एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया है। उम्मीदवार यूपीपीबीपीबी की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक आधिकारिक वेबसाइट उपलब्ध है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपने पंजीकरण नंबर और पासवर्ड का उपयोग करके अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड में परीक्षा की तिथियां, शिफ्ट का समय, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा केंद्र का पता और परीक्षा के दिन के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करके उसे A4 शीट पर प्रिंट करना होगा और परीक्षा केंद्र पर ले जाना होगा।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने परीक्षा की सिटी स्लिप 5 मार्च को ही जारी कर दी है, जिसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है, जिसमें आवंटित जनपद के साथ-साथ परीक्षा की तिथि भी अंकित है।
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। यह परीक्षा राज्य के 75 जिलों में बने परीक्षा केंद्रों पर होगी।
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) की लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। यह परीक्षा 400 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में कुल 160 प्रश्न पूछे जाएंगे और 4 अलग-अलग सेक्शन होंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, ज्यामितीय-पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, किसी भी प्रकार का कैल्कुलेटर, क्रेडिट / डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल/इलेक्ट्रानिक पेन / स्कैनर, डिजिटल पेन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे-मोबाइल फोन, चाबी, कैमरा, किसी प्रकार की घड़ी, ज्वैलरी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रो फोन, पेजर, हेल्थ बैंड, पर्स, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी, खुला या पैक किया हुआ खाने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा लाना पूर्ण रूप से वर्जित है। परीक्षा अवधि में अभ्यर्थी के पास वर्जित सामग्री पाए जाने पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस भर्ती के जरिए कुल 4543 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें करीब 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें लगभग 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।