मध्य प्रदेश में नए केंद्रीय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान कक्षा 1 से 5 तक, प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन के साथ शुरू किए जाएंगे।
Abhay Pratap Singh | June 20, 2025 | 05:54 PM IST
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के कटनी, बालाघाट और सिवनी जिलों में 3 नए केंद्रीय विद्यालय (KV) खोले जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने एमपी के तीन जिलों में 1-1 केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर अपनी आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर नोटिस भी जारी किया है।
आधिकारिक सूचना में कहा गया कि, “उक्त केंद्रीय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान शुरू में कक्षा 1 से 5 तक (प्रत्येक कक्षा में एक सेक्शन) संचालित होगा। इसके बाद कक्षाओं में वृद्धि होगी। विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया भूमि हस्तांतरण एवं अस्थाई भवन से संबंधित सभी कार्य पूरे होने के बाद 30 दिनों के भीतर होगी।”
भारत सरकार द्वारा साल 2024 में देशभर में कुल 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलना का फैसला लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने सिविल/रक्षा क्षेत्र के अंतर्गत मध्य प्रदेश में 11 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी मिली थी, जिसके तहत तीन नए केंद्रीय विद्यालय खोले जा रहे हैं।
नीचे दी गई सारणी में केंद्रीय विद्यालयों का पता जांच सकते हैं:
क्रम संख्या | केंद्रीय विद्यालय का नाम | शैक्षिक सत्र 2025-26 में निम्न स्थानों पर केंद्रीय विद्यालय संचालित किया जाएगा |
---|---|---|
1 | केंद्रीय विद्यालय झिंझरी, जिला कटनी, मध्य प्रदेश | केंद्रीय विद्यालय झिंझरी, गर्ल्स डिग्री कॉलेज, (पुराना भवन), नगर निगम के पास, मिशन चौक कटनी, जिला कटनी, मध्य प्रदेश पिन कोड - 483501 |
2 | केंद्रीय विद्यालय तिरोडी, जिला बालाघाट, मध्य प्रदेश | केंद्रीय विद्यालय तिरोडी, वार्ड क्रमांक - 15, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुराना भवन, ग्राम तिरोडी, तहसील तिरोडी, जिला बालाघाट, मध्य प्रदेश पिन कोड - 481449 |
3 | केंद्रीय विद्यालय बरघाट, जिला सिवनी, मध्य प्रदेश | केंद्रीय विद्यालय बरघाट, उत्कृष्ट विद्यालय कैंपस, वार्ड क्रमांक - 11, मूंडापार, बरघाट, जिला सिवनी, मध्य प्रदेश पिन कोड - 480667 |
भारत सरकार के स्थानांतरणीय कर्मचारियों, अस्थायी आबादी और देश के दूरदराज और अविकसित स्थानों में रहने वाले लोगों सहित अन्य लोगों के बच्चों के लिए ‘केंद्रीय विद्यालय’ की स्थापना की गई। 8वीं कक्षा तक के लड़कों, 12वीं कक्षा तक की लड़कियों और एससी/एसटी के छात्रों और के. वि. सं. कर्मचारियों के बच्चों के लिए कोई ट्यूशन शुल्क नहीं।