Abhay Pratap Singh | January 15, 2026 | 07:40 AM IST | 2 mins read
आयोग ने टेंटेटिव आंसर की और क्वेश्चन पेपर के साथ रिस्पॉन्स शीट भी उपलब्ध करा दी है, जिसे आयोग की वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।

नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (एग्जिक्यूटिव) परीक्षा 2025 की प्रोविजनल उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की विंडो कल बंद कर दी जाएगी। उम्मीदवार एसएससी की वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अंतिम तिथि 16 जनवरी तक दिल्ली पुलिस कांस्टेबल आंसर की 2025 पर चुनौती दर्ज करा सकते हैं।
एसएससी दिल्ली पुलिस कांस्टेबल उत्तर कुंजी पर चुनौती दर्ज कराने के लिए उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड जैसे क्रेडेंशियल की आवश्यकता होगी। प्रोविजनल उत्तर कुंजी में किसी भी उत्तर से असंतुष्ट उम्मीदवार को आपत्ति दर्ज कराने के लिए शुल्क देना होगा। आपत्ति वैध पाए जाने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।
दिल्ली पुलिस कांस्टेबल प्रोविजनल आंसर की 13 जनवरी, 2026 को जारी की गई थी और आपत्ति विंडो शाम 6:00 बजे खोल दी गई। टेंटेटिव आंसर की के खिलाफ 16.01.2026 को शाम 06:00 बजे तक प्रति प्रश्न 50 रुपये भुगतान के साथ आपत्ति जमा कर सकते है। समय-सीमा के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
एसएससी दिल्ली पुलिस कांस्टेबल टेंटेटिव आंसर की पर प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम जारी किया जाएगा। दिल्ली पुलिस कांस्टेबल 2025 परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में 18 दिसंबर, 2025 से 6 जनवरी, 2026 तक देश भर के अलग-अलग सेंटरों पर आयोजित की गई थी।
उम्मीदवार उत्तर कुंजी की सहायता से अपने संभावित अंकों की गणना कर सकते हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटा जाएगा। वहीं, अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं काटे जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए ssc.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।
आयोग ने नोटिस में बताया कि समय सीमा के बाद टेंटेटिव आंसर की/ रिस्पॉन्स शीट उपलब्ध नहीं होंगी। भविष्य में किसी भी परिस्थिति में रिस्पॉन्स शीट/ टेंटेटिव आंसर की प्राप्त के लिए किसी भी व्यक्तिगत अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रश्न पत्र पूरी तरह से पर्सनल इस्तेमाल और सेल्फ-एनालिसिस के लिए होगा।