Saurabh Pandey | March 18, 2026 | 12:33 PM IST | 2 mins read
प्रदेश में आयोजित पिछली सीईटी के प्रमाण पत्रों की वैधता अवधि फरवरी में समाप्त हो चुकी है और आज की स्थिति में प्रदेश में सीईटी पात्रता रखने वाले एक भी बेरोजगार नहीं हैं। अगर यह भर्तियां प्रारंभ भी हो तो बिना सीईटी इन भर्तियों में एक भी आवेदन नहीं हो पाएगा।

नई दिल्ली : राजस्थान में समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) नहीं हो पा रही है। इस कारण सीईटी के माध्यम से होने वाली 23 भर्तियां शुरू नहीं हो पाएंगी। इससे प्रदेश के 20 लाख से अधिक युवा परेशान हैं और सीईटी का इंतजार कर रहे हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा है कि सीईटी नहीं हुई तो इसमें शामिल भर्तियों में एक से डेढ़ साल तक की देरी हो सकती है।
प्रदेश में जब तक सीईटी परीक्षा नहीं होगी, तब तक इसमें शामिल इन 23 भर्तियों की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सकती है। यह भर्तियां करीब एक साल के लिए अटक गई हैं। क्योंकि सीईटी की प्रक्रिया प्रारंभ होगी तो आवेदन से लेकर परीक्षा परिणाम तक करीब 8 से 10 महीने का समय लगेगा। ऐसे में इस अवधि के बाद ही नई भर्तियां प्रारंभ हो सकती हैं।
प्रदेश में आयोजित पिछली सीईटी के प्रमाण पत्रों की वैधता अवधि फरवरी में समाप्त हो चुकी है और आज की स्थिति में प्रदेश में सीईटी पात्रता रखने वाले एक भी बेरोजगार नहीं हैं। अगर यह भर्तियां प्रारंभ भी हो तो बिना सीईटी इन भर्तियों में एक भी आवेदन नहीं हो पाएगा।
राजस्थान सरकार का कार्मिक विभाग इन बदलावों को अंतिम रूप नहीं दे पा रहा है। इस कारण सीईटी नहीं हो पा रही है। जबकि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पिछले साल ही सीईटी की परीक्षा तिथि घोषित कर दी थी। सीईटी सीनियर सेकेंडरी के लिए घोषित तिथि तो फरवरी में ही निकल चुकी है और सीईटी स्नातक की परीक्षा तिथि मई में है। लेकिन इस तिथि में भी सीईटी स्नातक की परीक्षा होना मुश्किल है।
श्रेणी | अटकी हुई प्रमुख भर्तियां |
सीईटी स्नातक (11 भर्तियां) | प्लाटून कमांडर, पटवारी-जिलेदार, जल संसाधन, कनिष्ठ लेखाकार (अधीनस्थ लेखा सेवा), कनिष्ठ लेखाकार (राज्य कृषि विपणन बोर्ड), तहसील राजस्व लेखाकार, पर्यवेक्षक महिला अधिकारिता, उपजेलर, छात्रावास अधीक्षक ग्रेड सेकंड, पटवारी (राजस्व अधीनस्थ सेवा), ग्राम विकास अधिकारी। |
सीईटी सीनियर सेकेंडरी (12 भर्तियां) | वनपाल, छात्रावास अधीक्षक, लिपिक ग्रेड सेकंड, कनिष्ठ सहायक, जमादार ग्रेड-II, कांस्टेबल, कनिष्ठ सहायक। |
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा है कि अभी सरकार की तरफ से हमारे पास सीईटी के आयोजन को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं। इतना जरूर है कि इसके प्रावधानों में कुछ बदलाव किया जा रहा है। मैं अगले तीन-चार दिन में सीईटी आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों से मिलूंगा। सीईटी नहीं हुई तो इसमें शामिल भर्तियों में एक से डेढ़ साल तक की देरी हो सकती है।