Saurabh Pandey | November 19, 2026 | 02:56 PM IST | 2 mins read
एनटीए ने यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा का विषयवार शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 14 दिसंबर से शुरू होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब शिफ्ट टाइमिंग्स, विषय कोड और नाम चेक कर सकते हैं।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट (UGC-NET) दिसंबर 2026 परीक्षा का विषयवार शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल से अपना विषय कोड, परीक्षा की तारीख और शिफ्ट देख सकते हैं।
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा की सिटी इंटिमेशन स्लिप एग्जाम से 21 दिन पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए यात्रा की व्यवस्था करने से पहले अपना विषय कोड और शिफ्ट ध्यानपूर्वक देख लेना चाहिए।
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में 14, 15, 16, 17 और 21 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। एनटीए द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, सभी परीक्षा तिथियों पर एग्जाम दो शिफ्ट में कराए जाएंगे। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।
एनटीए द्वारा जारी डेटशीट के मुताबिक, 14 दिसंबर को पहली शिफ्ट में इतिहास और दूसरी शिफ्ट में कंप्यूटर साइंस व होम साइंस जैसे विषयों की परीक्षा होगी। 15 दिसंबर को एजुकेशन, सोशल वर्क, मैनेजमेंट और फिजिकल एजुकेशन के पेपर आयोजित किए जाएंगे। 16 दिसंबर को पहली शिफ्ट में राजनीति विज्ञान और दूसरी शिफ्ट में कॉमर्स की परीक्षा तय की गई है।
वहीं, 17 दिसंबर को अंग्रेजी और भूगोल, 18 दिसंबर को हिंदी, लॉ और मास कम्युनिकेशन और अंतिम दिन यानी 21 दिसंबर को अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, संस्कृत और पर्यावरण विज्ञान विषयों की परीक्षा संपन्न होगी।
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा 3 घंटे की होगी, जो कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी और इसमें 2 अनिवार्य पेपर होंगे। परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) होंगे। हर सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे। परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।