Abhay Pratap Singh | November 19, 2026 | 04:30 PM IST | 2 mins read
आयोग ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा के हॉल टिकट के साथ डीवी में शामिल होना होगा।

नई दिल्ली: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE) के लिए दस्तावेज सत्यापन (DV) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बीपीएससी 71वीं सीसीई मुख्य लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का आयोजन 1 दिसंबर से 28 दिसंबर, 2026 तक प्रत्येक दिन दो पालियों में किया जाएगा।
आयोग ने दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्र सभी उम्मीदवारों के रोल नंबर के साथ डीवी की तिथि और समय की जानकारी भी जारी कर दी है। दस्तावेज सत्यापन पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर तक और दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम तक आयोजित की जाएगी।
बीपीएससी 71वीं सीसीई डीवी के लिए वाटरमार्क दस्तावेज 28 नवंबर से 28 दिसंबर, 2026 तक उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिसे यूजर नेम और पासवर्ड की मदद से डाउनलोड कर सकेंगे। बीपीएससी ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन की निर्धारित तिथि (1 दिसंबर से 28 दिसंबर, 2026 तक) के बाद अभ्यर्थियों को कोई अन्य मौका नहीं दिया जाएगा।
नोटिस में कहा गया कि, दस्तावेज सत्यापन के लिए अलग से प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा के एडमिट कार्ड के साथ डीवी में शामिल होना होगा। बीपीएससी 71 सीसीई मेन्स रिजल्ट 6 नवंबर, 2026 को जारी किया गया था, जिसमें कुल 3392 (CCE-3185, FAO-207) उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया।
सभी मूल प्रमाण-पत्रों एवं अंक पत्रों की छायाप्रति एक सेट में उम्मीदवारों द्वारा स्वप्रमाणित कर जमा करना होगा। प्रारंभिक परीक्षा के आवेदन पत्र में उल्लिखित योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे। अभ्यर्थियों के पास योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र 30 जून, 2025 तक या उससे पहले जारी होना आवश्यक है।
आयोग ने उम्मीदवारों को कार्यक्रम के अनुसार आयोग कार्यालय में निर्धारित तिथि को दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित समय से 1 घंटा पहले पहुंचने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं लाने की सलाह दी है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवारों को बीपीएससी वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम नोटिस जांचने की सलाह दी गई है।