Saurabh Pandey | November 19, 2026 | 12:46 PM IST | 2 mins read
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और छिवकी स्टेशनों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर 'पायलट आधार (M-UTS) सहायक' के 102 पदों पर भर्ती निकाली है।

नई दिल्ली : उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के प्रयागराज मंडल ने चार प्रमुख स्टेशनों पर 'पायलट आधार (M-UTS) सहायक' के कुल 102 पदों पर नियुक्ति के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर, 2026 तक ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा इच्छुक उम्मीदवार प्रयागराज, छिवकी, कानपुर और अलीगढ़ स्टेशनों के बुकिंग कार्यालय से सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, फॉर्म उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट ncr.indianrailways.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
भरे हुए आवेदन फॉर्म 26 नवंबर, 2026 को दोपहर 1 बजे तक 'वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, वाणिज्य शाखा, डीआरएम कार्यालय, प्रयागराज' अथवा 'स्टेशन निदेशक/उप मुख्य यातायात प्रबन्धक, कानपुर सेंट्रल स्टेशन' के कार्यालय में जमा करने होंगे। इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को 500 रुपये का शुल्क देना होगा।
इस पद के लिए सामान्य नागरिक और सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी दोनों आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास हाई स्कूल (10वीं) का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इसके अलावा, पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी या राशन कार्ड), निवास प्रमाण पत्र और पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र (जिसमें कोई आपराधिक मामला लंबित न हो) जमा करना अनिवार्य है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह नियुक्ति प्रयागराज मंडल के कुल 4 रेलवे स्टेशनों के लिए की जा रही है। इनमें प्रयागराज जंक्शन (PRYJ) के लिए 36 पद, कानपुर सेंट्रल (CNB) के लिए 36 पद, अलीगढ़ जंक्शन (ALJN) के लिए 18 पद और प्रयागराज छिवकी (PCOI) स्टेशन के लिए 12 पद निर्धारित किए गए हैं। यह कार्य पूरी तरह से अस्थायी (कॉन्ट्रैक्ट आधारित) होगा, जिसकी अवधि 30 जून, 2027 तक निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए आवेदन फॉर्म के साथ उम्मीदवारों को 10,000 रुपये बयाना राशि जमा करनी होगी, जबकि चयन के बाद सामान्य नागरिकों को 1 लाख और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को 20,000 रुपये सुरक्षा धनराशि के रूप में जमा करने होंगे। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच हेल्पलाइन नंबर 7905257901 पर संपर्क किया जा सकता है।