Saurabh Pandey | June 3, 2026 | 07:06 PM IST | 3 mins read
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) प्रवेश परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा (NIFTEE-2026) के सभी अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रमों का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। जो अभ्यर्थी इस प्रवेश परीक्षा के विभिन्न चरणों में शामिल हुए थे, वे एनटीए के आधिकारिक पोर्टल exams.nta.nic.in/niftee/ पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
निफ्ट यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड का उपयोग करके पोर्टल पर अपना स्कोर कार्ड और रिजल्ट चेक कर सकते हैं। अब इस परिणाम के आधार पर निफ्ट द्वारा आगे की एडमिशन और काउंसलिंग प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।
इस प्रवेश परीक्षा का पहला चरण देश के 97 शहरों में 8 फरवरी 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) और पेपर आधारित टेस्ट (PBT) मोड में आयोजित किया गया था। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के लिए दूसरे चरण के तहत पीजी पाठ्यक्रमों के इंटरव्यू 06 से 11 अप्रैल 2026 तक और यूजी पाठ्यक्रमों के लिए स्किल टेस्ट 26 अप्रैल 2026 को आयोजित किए गए थे।
निफ्ट के यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए दूसरे चरण की परीक्षा में व्यावहारिक परीक्षण (Hands-on Tests) और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे। सिचुएशन टेस्ट, स्टूडियो टेस्ट और आर्टिसन स्किल टेस्ट का मूल्यांकन जूरी पैनलों द्वारा मौके पर ही किया गया। पीजी और लेटरल एंट्री के उम्मीदवारों के साक्षात्कार का मूल्यांकन पांच मुख्य पैमानों पर किया गया, जिसमें करियर ओरिएंटेशन, उपयुक्तता और कम्यूनिकेशन (बातचीत करने का तरीका) शामिल थे।
इस परीक्षा के लिए कुल 12,065 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें से लगभग 10,432 छात्र उपस्थित हुए, जिसकी कुल उपस्थिति 86.46% रही। परीक्षा का मूल्यांकन मॉडल की बनावट, सामग्री के रचनात्मक उपयोग, प्रस्तुति और स्पष्टीकरण के आधार पर किया गया। परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, सीसीटीवी सर्विलांस और सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। छात्रों और अभिभावकों को नियमों की जानकारी ईमेल के जरिए भी दी गई थी।
Also read UP PGT Result 2026: यूपी पीजीटी रिजल्ट upessc.up.gov.in पर जारी, 2253 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल
पीजी पाठ्यक्रमों के लिए इंटरव्यू - एम.डिज. (M.Des.), एम.एफ.एम. (M.F.M.) और एम.एफ.टेक. (M.F.Tech.) पाठ्यक्रमों के लिए इंटरव्यू 06 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 के बीच नई दिल्ली में आयोजित किए गए। इसके कॉल लेटर 01 अप्रैल 2026 को जारी हुए थे। इंटरव्यू कुल 100 अंकों का था, जिसमें करियर ओरिएंटेशन, कोर्स के लिए उपयुक्तता, उपलब्धियां, कम्युनिकेशन और सामान्य जागरूकता जैसे 5 पैमानों पर 20-20 अंक दिए गए।
यूजी पाठ्यक्रमों के लिए स्किल टेस्ट - अंडरग्रेजुएट स्तर की यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को 20 शहरों के 28 केंद्रों पर हुई। इसमें अलग-अलग कोर्स के लिए अलग-अलग टेस्ट थे, जैसे बी.डिज. (B.Des.) के लिए मॉडल मेकिंग (सिचुएशन टेस्ट), लेटरल एंट्री और आर्टिसन छात्रों के लिए स्टूडियो/तकनीकी टेस्ट के साथ इंटरव्यू आदि।