एनईआर का रेलवे भर्ती सेल अप्रेंटिसशिप 2024-25 के लिए केवल उन्हीं उम्मीदवारों के आवेदन पत्र स्वीकार करेगा, जिन्होंने फॉर्म जमा करते समय प्रत्येक विवरण सही ढंग से प्रदान किया होगा।
Saurabh Pandey | July 11, 2024 | 12:35 PM IST
नई दिल्ली : उत्तर पूर्वी रेलवे (एनईआर) की तरफ से विभिन्न ट्रेडों में अपरेंटिस पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने की प्रक्रिया का आज यानी 11 जुलाई आखिरी दिन है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार इन रिक्तियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट ner.Indianrailways.gov.in पर जाकर आज ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एनईआर अप्रेंटिस भर्ती 2024 के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों की आयु 12 जून तक 15 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एससी, एसटी उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 वर्ष, ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को अधिकतम 10 वर्ष की छूट आयु सीमा में दी जा सकती है।
इस भर्ती अभियान का लक्ष्य पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न विभागों में विभिन्न ट्रेडों में कुल 1104 अपरेंटिस पदों को भरना है। रिक्तियों की संख्या नीचे देख सकते हैं-
कारखाना/ ईकाई | कुल स्लॉट |
यांत्रिक कारखाना गोरखपुर | 411 |
सिग्नल कारखाना, गोरखपुर छावनी | 63 |
पुल कारखाना, गोरखपुर छावनी | 35 |
यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर | 151 |
डीजल शेड, इज्जतनगर | 60 |
कैरिज एंड वैगन, इज्जतनगर | 64 |
कैरिज एंड वैगन, लखनऊ जंक्शन | 155 |
डीजल शेड, गोंडा | 90 |
कैरिज एंड वैगन, वाराणसी | 75 |
उम्मीदवारों को प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में 100 रुपये का भुगतान करना होगा। एससी/एसटी/दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी)/महिला उम्मीदवारों को प्रोसेसिंग शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे अप्रेंटिस भर्ती 2024 उम्मीदवारों को मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाई स्कूल की परीक्षा न्यूनतम 50% अंको के साथ और अधिसूचित ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना चाहिए।
आरआरसी एनईआर अप्रेंटिसशिप 2024-25 के लिए मेरिट सूची आधिकारिक तौर पर अगस्त 2024 के अंतिम सप्ताह में पीडीएफ के रूप में https://apprentice.rrcner.net/ पर जारी की जाएगी। मेरिट उम्मीदवारों के मैट्रिकुलेशन प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी। कुल आवेदकों में से केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को इसमें शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिनका क्वालीफाइंग में स्कोर सभी से बेहतर होगा।