Abhay Pratap Singh | April 30, 2026 | 01:02 PM IST | 2 mins read
नीट मेडिकल प्रवेश परीक्षा के दिन जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, प्रत्येक उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अनिवार्य बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा।
Predict your MBBS, BDS & AYUSH admission chances with the NEET College Predictor. Get personalized college recommendations based on rank, category & quota.
Try Now
नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को होने वाली नीट यूजी (NEET UG) 2026 परीक्षा में बायोमेट्रिक छूट को लेकर एडवाइजरी जारी की है। एनटीए ने कहा कि, परीक्षा की अवधि के दौरान तक बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए नीट यूजी उम्मीदवारों को परेशान नहीं किया जाएगा।
नोटिस में कहा गया कि, “यदि किसी अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन डिवाइस की तकनीकी खराबी, बायोमेट्रिक डेटा की खराब गुणवत्ता, यूआईडीएआई से कनेक्टिविटी समस्या या शारीरिक असमर्थता के कारण पूरा नहीं हो पाता है, तब भी उसे परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।”
हालांकि, इसके लिए अभ्यर्थी को एक लिखित घोषणा (अंडरटेकिंग) जमा करना होगा। इस घोषणा पत्र का प्रारूप परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा एजेंसी ने बताया कि, परीक्षा के दिन जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, प्रत्येक उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अनिवार्य बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा।
एनटीए दिशानिर्देशों के अनुसार, उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए केवल केंद्र पर उपलब्ध कराए गए पेन का ही उपयोग करना होगा।
एनटीए द्वारा नीट यूजी 2026 परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे (PwD/PwBD उम्मीदवारों के लिए शाम 6:00 बजे) तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन (पेन एवं पेपर) मोड में कराई जाएगी। ड्रेस कोड के अनुसार, परीक्षार्थियों को साधारण शर्ट या टी-शर्ट तथा ट्राउजर या पैंट पहनने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले परीक्षा हॉल में पहुंचना होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को नीट यूजी एडमिट कार्ड 2026 और एक मूल फोटो पहचान पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज लाना होगा।
नीट यूजी परीक्षा 2026 के लिए 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया है। प्रश्नपत्र में 180 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 अंक काटा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए neet.nta.nic.in और nta.ac.in पर विजिट कर सकते हैं।