Press Trust of India | April 30, 2026 | 12:08 PM IST | 2 mins read
यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जामिया में आयोजित ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम के दौरान दिया गया।

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) के कुलपति (VC) मजहर आसिफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गया है। यह वीडियो मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा आयोजित युवा कुंभ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर आसिफ के बयान से जुड़ा है जिसमें उन्होंने कहा था कि “सभी भारतीयों में भगवान महादेव का डीएनए है”।
इस कथित वीडियो में वीसी ने कहा, “यहां बैठे सभी लोगों को देखकर मुझे नहीं लगता कि सभी की मातृभाषा, परवरिश या संस्कृति एक जैसी है। भौगोलिक दृष्टि से, और मैं यह बात भौगोलिक संदर्भ में कह रहा हूं, हो सकता है कि वे एक ही क्षेत्र से भी न हों। उनके धर्म भी भिन्न हो सकते हैं।” इस कथित वीडियो को ‘पीटीआई’ स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं कर सका है।
उन्होंने कहा, “इन सब के बावजूद, हम भारतीय ही हैं। हम भारतीय हैं क्योंकि हमारे डीएनए में महादेव का डीएनए है।” वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि इस टिप्पणी के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पीटीआई ने कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क करने के कई प्रयास किए लेकिन उसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
Also readJMI Free UPSC Coaching: जामिया मिल्लिया इस्लामिया की फ्री यूपीएससी कोचिंग के लिए आवेदन आज से शुरू
यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जामिया में आयोजित ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम के दौरान दिया गया। एक दिन पहले, छात्रों ने आरएसएस के कार्यक्रम के लिए जामिया प्रशासन की ओर से अनुमति दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया था।
यह वीडियो अब विभिन्न सोशल मीडिया मंच पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और इसकी आलोचना की जा रही है। इसी बीच, जामिया की स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) इकाई ने इस घटना की निंदा की।
एक बयान में, छात्र संगठन ने कहा, “एसएफआई जामिया, कुलपति मजहर आसिफ की जामिया में की गई उस टिप्पणी की कड़ी निंदा करता है कि ‘हम सभी में महादेव का डीएनए है’। यह अकादमिक और वैज्ञानिक उत्कृष्टता के लिए जाना जाने वाला संस्थान है।”