Saurabh Pandey | September 30, 2026 | 11:38 AM IST | 2 mins read
एनएमसी की तरफ से कहा गया है कि सभी मेडिकल कॉलेजों/संस्थानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश केवल शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए MARB द्वारा स्वीकृत और अधिसूचित सीट मैट्रिक्स में दर्शाई गई सीट संख्या के आधार पर ही किए जाएं।

नई दिल्ली : मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने पोस्टग्रेजुएट मेडिकल (एमडी, एमएस, डीएनबी और पीजी डिप्लोमा) पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए नीट पीजी 2026 का सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है। इसके साथ ही, दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए राउंड-1 रजिस्ट्रेशन और मेडिकल असेसमेंट की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू की जाएगी।
एनएमसी की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि इस सीट मैट्रिक्स में उन आवेदनों की सीटों को शामिल नहीं किया गया है, जो शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए मौजूदा पीजी पाठ्यक्रमों की सीटें बढ़ाने या नए पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्राप्त हुए थे। इसके बाद जब भी अतिरिक्त पीजी सीटों या पाठ्यक्रमों को स्वीकृति दी जाएगी, उन्हें संशोधित सीट मैट्रिक्स में शामिल करके नेशनल मेडिकल कमीशन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।
एनएमसी की तरफ से कहा गया है कि सभी मेडिकल कॉलेजों या संस्थानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश केवल शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए MARB द्वारा स्वीकृत और सीट मैट्रिक्स में दर्शाई गई सीट संख्या के आधार पर ही किए जाएं। किसी भी परिस्थिति में कोई भी मेडिकल कॉलेज या संस्थान स्वीकृत पीजी क्षमता से अधिक छात्रों को प्रवेश नहीं देगा।
नीट पीजी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, एमडी, एमएस और डिप्लोमा सीटों की कुल संख्या बढ़कर 58,000 हो गई है, जो पिछले वर्ष की 52,173 सीटों से 11% अधिक है। निजी और डीम्ड विश्वविद्यालयों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
नीट पीजी सीटों के मामले में सरकारी संस्थानों का दबदबा बना हुआ है, और उसके बाद प्राइवेट और डीम्ड मेडिकल कॉलेज आते हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 32% और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 10% तक सीटें बढ़ी हैं।
सीट मैट्रिक्स के अनुसार, विशेष रूप से एनेस्थिसियोलॉजी, ऑप्थैल्मोलॉजी, ईएनटी, पैथोलॉजी, साइकियाट्री और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे विषयों/ब्रांचों में सीटों की उपलब्धता में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Also read नीट और सीयूईटी परीक्षा साल में 2 बार कराने की सिफारिश, शिक्षा मंत्रालय की कमेटी ने सौंपा ड्राफ्ट
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट पीजी के पहले राउंड की काउंसलिंग में भाग लेने वाले दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इसके अनुसार, पीजी काउंसलिंग के राउंड-1 के लिए PwD पोर्टल 1 अक्टूबर 2026 से सक्रिय कर दिया जाएगा। प्राथमिक मेडिकल असेसमेंट बोर्ड 1 अक्टूबर से 9 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक खुला रहेगा।
इसके साथ ही, जो उम्मीदवार प्राथमिक जांच के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं या पुनर्मूल्यांकन कराना चाहते हैं, उनके लिए अपीलीय मेडिकल असेसमेंट बोर्ड 5 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से 12 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक असेसमेंट का आयोजन करेगा।