Press Trust of India | November 27, 2026 | 03:05 PM IST | 2 mins read
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीणा शुक्रवार तड़के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में अपने दोस्तों से मिलने गया था।

नई दिल्ली: राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक छात्रावास की चौथी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के कारण राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय अभ्यर्थी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटा जिले के इटावा क्षेत्र निवासी अमन मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग दो वर्षों से इस शहर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीणा शुक्रवार तड़के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में अपने दोस्तों से मिलने गया था। पुलिसकर्मी रामसागर ने संवाददाताओं से कहा, “वह कथित तौर पर छात्रावास की चौथी मंजिल से गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
पुलिस ने आत्महत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है, हालांकि उसका कहना है कि कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस अभी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मीणा वर्तमान में कहां रह रहा था और वह नीट की तैयारी के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन किस माध्यम से कोचिंग कक्षाएं ले रहा था।
मृतक अभ्यर्थी अमन मीणा के चचेरे भाई सोनू ने बताया कि वह पढ़ाई में अच्छा था और पहले इसी छात्रावास में रहता था, जहां यह घटना हुई।
यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिनके आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है तो उनसे संवाद करें और समझाएं। आत्महत्या के विचार आने पर पीड़ित व्यक्ति सहायता और परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर 9820466726 पर कॉल कर सकते हैं या फिर AASRA की आधिकारिक वेबसाइट http://www.aasra.info/ की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा, 9152987821 भी कॉल कर सकते हैं। यहां आत्महत्या रोकने के लिए सक्रिय कुछ और संगठनों के हेल्पलाइन नंबर दिए गए हैं जो ऐसे लोगों की मदद कर सकते हैं।