Saurabh Pandey | September 13, 2025 | 04:49 PM IST | 3 mins read
आज हिंदी भाषा का उपयोग मीडिया, सिनेमा, सोशल मीडिया और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है। यह दिन हमें हिंदी को डिजिटल युग के साथ जोड़ने के लिए भी प्रेरित करता है। यह दिन हिंदी साहित्यकारों के योगदान को याद करने और उनकी रचनाओं के प्रति युवाओं में रुचि जगाने का भी एक अवसर होता है।
नई दिल्ली : देशभर में हर वर्ष 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत में हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित है। हिंदी विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है, चीनी (मंदारिन) और अंग्रेजी के बाद करीब 60 करोड़ लोग हिंदी बोलते हैं।
हर साल भारत सरकार द्वारा हिंदी साहित्य, शिक्षा और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को 'राजभाषा पुरस्कार' या 'हिंदी सेवी सम्मान' प्रदान किए जाते हैं। विद्यालय, महाविद्यालय, और सरकारी संस्थानों में निबंध लेखन, भाषण, कविता पाठ, पोस्टर मेकिंग आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
आज हिंदी भाषा का उपयोग मीडिया, सिनेमा, सोशल मीडिया और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है। यह दिन हमें हिंदी को डिजिटल युग के साथ जोड़ने के लिए भी प्रेरित करता है। यह दिन हिंदी साहित्यकारों के योगदान को याद करने और उनकी रचनाओं के प्रति युवाओं में रुचि जगाने का भी एक अवसर होता है।
वर्ष 1949 में पहली बार 14 सितंबर को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में अपनाया। आजादी के बाद अपनी भाषा को पहचान और गरिमा देने का यह पहला ऐतिहासिक कदम उठाया गया था। इसी वजह से हर वर्ष इस दिन देशभर में हिंदी दिवस मनाकर भाषा के महत्व को रेखांकित किया जाता है। औपचारिक रूप से, 14 सितंबर 1953 से राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाने लगा।
राष्ट्रीय हिंदी दिवस की थीम की घोषणा अब तक नहीं हुई है। लेकिन इस वर्ष विश्व हिंदी दिवस 2025 की थीम “एक वैश्विक आवाज जो एकता और सांस्कृतिक गर्व का प्रतीक हो (A Global Voice of Unity and Cultural Pride) थी। यह थीम हमें याद दिलाती है कि हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान की ताकत है, जो दुनिया के हर कोने में भारतीयता का संदेश देती है।
पिछले वर्ष राष्ट्रीय हिंदी दिवस 2024 की थीम "हिंदी पारंपरिक ज्ञान से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक" यानी From Traditional Knowledge to Artificial Intelligence पर आधारित थी।