Santosh Kumar | July 27, 2026 | 12:09 PM IST | 2 mins read
केवीएस और एनवीएस के लिए टियर-2 परीक्षाएं 27 से 31 मार्च के बीच हुईं, जबकि ईएमआरएस टियर-2 परीक्षा 22 से 25 मार्च तक हुई। परीक्षाओं को हुए लगभग 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन नतीजों के बारे में कोई अपडेट नहीं है।

नई दिल्ली: केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) और एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) की टियर-2 भर्ती परीक्षा के नतीजों में देरी की वजह से हजारों उम्मीदवार परेशान हैं। टियर-2 परीक्षा मार्च के आखिर में पूरी हो गई थी, लेकिन अब जुलाई का महीना खत्म होने को है और नतीजे अभी तक घोषित नहीं किए गए हैं। उम्मीदवार सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर कर रहे हैं और नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से दखल देने और नतीजों के बारे में जानकारी देने की अपील कर रहे हैं।
केवीएस और एनवीएस के लिए टियर-2 परीक्षाएं 27 से 31 मार्च के बीच हुईं, जबकि ईएमआरएस टियर-2 परीक्षा 22 से 25 मार्च तक हुई। परीक्षाओं को हुए लगभग 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन नतीजों के बारे में कोई अपडेट नहीं है।
टियर-1 के नतीजे जनवरी-फरवरी में जारी किए गए थे; हालांकि, मई में टियर-2 के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बावजूद, फ़ाइनल नतीजों और मेरिट लिस्ट के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद नए शिक्षा मंत्री बने प्रह्लाद जोशी से अपील करते हुए उम्मीदवारों ने कहा कि वे पिछले 4 महीनों से ईएमआरएस, केवीएस और एनवीएस की टियर-2 परीक्षाओं के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
'एक्स' पर एक यूजर (@neutral_uu) ने मंत्री से आग्रह किया कि वे इन संस्थानों को नतीजे जल्द जारी करने का निर्देश दें या कम से कम आधिकारिक वेबसाइटों पर कोई अपडेट दें, ताकि उम्मीदवारों के मन में बनी अनिश्चितता खत्म हो सके।
इस यूजर की पोस्ट पर कई अन्य उम्मीदवारों ने प्रतिक्रिया दी है। कई अन्य उम्मीदवारों ने भी प्रह्लाद जोशी से परिणाम के बारे में अपडेट देने की अपील की है। यूजर (@raisonal710) ने कहा है कि ज़िम्मेदारी लें और हमारे परिणाम जारी करें।
उम्मीदवार सोशल मीडिया के जरिए नए शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों से जल्द नतीजे घोषित करने की अपील कर रहे हैं। कई उम्मीदवारों ने सीबीएसई को टैग करके साफ टाइमलाइन की मांग की है ताकि वे आगे की योजना बना सकें।
इस भर्ती प्रक्रिया में केवीएस के लिए हजारों टीचिंग और नॉन-टीचिंग पद, साथ ही एनवीएस और ईएमआरएस के पद भी शामिल हैं। देरी के कारण उम्मीदवारों में अनिश्चितता बढ़ रही है; ऐसे में लोगों ने नए शिक्षा मंत्री के आगे गुहार लगाई है।
केवीएस, एनवीएस टियर 2 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in, navodaya.gov.in पर और ईएमआरएस टियर 2 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट nests.tribal.gov.in पर जारी किया जाएगा।
इस परीक्षा में करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। उम्मीदवार अब बेसब्री से यूपीटीईटी रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपीटीईटी का रिजल्ट 29 जुलाई तक जारी किया जा सकता है।
Santosh Kumar